मध्यप्रदेश। खरगोन शहर में गुरुवार सुबह 8 से दोपहर 12 बजे तक कर्फ्यू में ढील दी गई है। ढील महिला-पुरुष दोनों के लिए है। गुरुवार से कपड़ा दुकान, कटलरी और ज्वेलरी की दुकानें भी खोली जा सकेंगी। पहले की तरह मेडिकल, दूध, फल सब्जी, किराना, इलेक्ट्रिक व इलेक्ट्रॉनिक के साथ इलेक्ट्रिक रिपेयरिंग, बर्तन दुकान, हार्डवेयर मटेरियल, मिठाई, नमकीन, सैलून, खाद-बीज, आटा चक्की, बैंक और पोस्ट ऑफिस को भी छूट रहेगी। वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा। साथ ही यह छूट पेट्रोल पंप पर लागू नहीं होगी।
मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री कमल पटेल आज दौरे पर रहेंगे। वह 11 बजे के बाद सर्किट हाउस पहुंचेंगे। जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों के साथ कानून व्यवस्था के संबंध में बैठक करेंगे। इसके बाद मंत्री पटेल भाजपा के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करेंगे। बैठक के बाद मंत्री पटेल दोपहर 4 बजे खरगोन से भोपाल के लिए रवाना होंगे। रामनवमी पर शहर में हुए उपद्रव के बाद मंत्री पटेल का पहला दौरा है। इससे पूर्व उनका दौरा कार्यक्रम निरस्त हो गया था।