मध्यप्रदेश। दमोह जिले के पथरिया थाना क्षेत्र में आने वाले बड़ा गांव निवासी एक महिला घर की छत की सीढ़ियों से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। नाजुक हालत में परिवार के लोग उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज जारी है। घायल महिला सविता के देवर राम प्रसाद विश्वकर्मा ने बताया कि बुधवार रात उनकी भाभी घर की छत पर काम कर रही थी। तभी अचानक उनका पैर फिसल गया और वह सीढ़ियों से सीधे नीचे आ गिरी।
इस हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट आई है। परिवार के लोग उन्हें पहले पथरिया अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से डॉक्टर ने हालत नाजुक होने पर उन्हें जिला अस्पताल रैफर किया। जिला अस्पताल पहुंची महिला की हालत काफी खराब थी। उसका पूरा शरीर कांप रहा था। सिर में गंभीर चोट होने के कारण काफी खून बह चुका था। देर रात तक महिला की हालत नाजुक बनी हुई थी। डॉक्टर उसका इलाज करने में जुटे थे।
फिलहाल महिला की हालत नाजुक है। अस्पताल चौकी में दर्ज घटनाक्रम की सूचना के बाद पथरिया थाना पुलिस को खबर की गई है ताकि इस हादसे के पीछे की सच्चाई का पता लगाया जा सके।