मध्यप्रदेश। यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार सुबह दतिया में पीतांबरा पीठ मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने गर्भ गृह में जाकर विशेष पूजा अर्चना की, साथ ही वन खंडेश्वर महादेव की पिंडी व नंदी का जलाभिषेक भी किया। उनके साथ भारी सुरक्षा बल तैनात रहा, इस दौरान उन्होंने मीडिया से दूरी बनाई रखी।
रविवार की सुबह योगी आदित्यनाथ झांसी से हवाई जहाज के जरिए दतिया हवाई पट्टी पहुंचे। जहां प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने उनकी अगवानी की। इसी के साथ लगभग साढ़े 8 बजे सड़क मार्ग से होते हुए, पीतांबरा पीठ मंदिर पहुंचे।
इस दौरान उन्होंने लगभग 10 मिनट तक गर्भ गृह में विशेष पूजा अर्चना की। इसके बाद उन्होंने पीतांबरा मंदिर परिसर स्थित वन खंडेश्वर महादेव का भी जलाभिषेक किया। उन्होंने मंदिर से बाहर आने पर मीडिया से दूरी बनाए रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पीतांबरा पीठ के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। तब स्थानीय लोगों ने मंदिर परिसर के बाहर जय श्रीराम के जयकारे लगाकर उनका स्वागत किया।