मध्यप्रदेश। दमोह जिले के पटेरा में शादी समारोह के दौरान बारात लगते समय डांस कर रही महिलाओं में शामिल दुल्हन की मां गोली लगने से घायल हो गई। परिवार के ही किसी सदस्य के हर्ष फायर करने के लिए गोली चलाई थी। बंदूक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे गोली जाकर दुल्हन की मां के हाथ में लग गई। इस घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल हो गया। तत्काल महिला को पटेरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे जिला अस्पताल भेजा और जिला अस्पताल से उसे तत्काल ही जबलपुर रेफर कर दिया है। यह पूरा घटनाक्रम सोमवार रात का है।
पटेरा में बस स्टैंड के पास रहने वाले ताम्रकार परिवार के घर विवाह समारोह चल रहा था, जिसमें ललितपुर के जखेरा गांव से लड़की पक्ष अपनी बेटी को लेकर शादी करने के लिए पहुंचे थे। इस घटना के बाद वर और वधू पक्ष में से कोई भी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।
पुलिस जब तक मौके पर पहुंची परिजन महिला को लेकर जिला अस्पताल पहुंच गए, जब पुलिस जिला अस्पताल पहुंची तब तक महिला जबलपुर रेफर हो चुकी थी। पटेरा टीआई एसबी मिश्रा का कहना है कि फिलहाल महिला से बात नहीं हो पाई है। परिवार के लोग रात में कुछ बताने की स्थिति में नहीं थे। इसी दौरान एक और दूसरा घटनाक्रम हो गया था, तो उन्हें वहां जाना पड़ा। अब आज परिवार के सदस्यों से घटना की जानकारी ली जाएगी, उसके हिसाब से फिर आगे की कार्रवाई होगी। महिला जबलपुर में भर्ती है, जहां उसका इलाज चल रहा है।