भोपाल

किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर विरोध प्रदर्शन शुरू

खलघाट में किसानों ने एनएच-52 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित

@भोपाल आशुतोष द्विवेदी। मध्यप्रदेश के बड़वानी, धार, खरगोन और खंडवा जिलों के किसानों ने अपनी मांगों को लेकर मुंबई-आगरा नेशनल हाईवे पर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है। खलघाट में किसानों ने एनएच-52 पर चक्काजाम कर दिया, जिससे यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। प्रदर्शन के दौरान कई किसान सड़क पर ही पेड़ रखकर धरने पर बैठे हैं। प्रशासन ने हालात नियंत्रित रखने के लिए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किए हैं। किसान आंदोलन (Farmer Protest) को देखते हुए जिला प्रशासन ने पूरे धार जिले में धारा 144 लागू कर दी है।

आपको बता दें कि, नेशनल हाईवे-52 पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक से होकर गुजरता हैं। दरअसल, राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ के द्वारा लंबे समय से न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) और कर्जमाफी समेत अन्य मांग की जा रही थी। मांग पूरी न होने के बाद बड़ी संख्या में किसान आंदोलन कर रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, प्रशासन और किसानों के बीच पहले दौर की बातचीत असफल रही। करीब 8 घंटे से किसान धरने पर बने हुए हैं और अपने लिए दाल-बाटी व भोजन बनाकर खा रहे हैं। रात में सोने के लिए वह बिस्तर और कंबल साथ लाए हैं। मंगलवार को राष्ट्रीय मजदूर महासंघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकुमार कक्काजी के धरना स्थल पर पहुंचने की संभावना है।

ये हैं किसानों की प्रमुख मांगे-
कपास, मक्का और सोयाबीन की एमएसपी रेट पर सरकारी खरीदी की जाए सभी किसानों को ऋणमुक्त किया जाए। न्यूनतम समर्थन मूल्य एमएसपी की कानूनी गारंटी लागू की जाए। भूमि-अधिग्रहण के तहत मुआवजा राशि सरकारी गाइडलाइन से चार गुना दी जाए।

खरगोन में कैसी रही स्थिति-
राष्ट्रीय किसान मजदूर महासंघ (मालवा-निमाड़ प्रांत) की ओर से खलघाट में सोमवार से शुरू हुए आंदोलन में कसरावद क्षेत्र के किसान भी पहुंचे। पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड पर रहा। सुबह से ही खलघाट, कसरावद और आसपास के मार्गों पर पुलिस ने बैरिकेड्स लगाकर वाहनों की चेकिंग शुरू कर दी। बिठेर व आसपास के गांवों से ट्रैक्टर लेकर निकले किसानों को रोका गया। पूछताछ की। खरगोन मार्ग पर स्थिति उस समय तनावपूर्ण हुई जब आंदोलन में शामिल होने जा रहे किसानों के ट्रैक्टरों को पुलिस ने रोका।

जिसको लेकर किसानों का आरोप लगाया है कि पुलिस ने उनके ट्रैक्टरों की चाबियां निकाली। इससे नाराज किसान खरगोन रोड स्थित मुख्य सड़क मार्ग पर बैठ गए और चक्काजाम कर दिया। करीब ढाई घंटे तक प्रदर्शन में किसानों ने पुलिस.प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। किसानों का कहना था कि वे शांतिपूर्ण ढंग से खलघाट आंदोलन में शामिल होने जा रहे थे, पुलिस ने उन्हें अनावश्यक रोका। जाम के कारण खरगोन रोड, इंदौर मार्ग, मंडलेश्वर रोड, जय स्तंभ चौराहा और बिठेर क्षेत्र से आने.जाने वालों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। ट्रैफिक बाधित रहा। वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं।

निमरानी औद्योगिक क्षेत्र वाहनों का जमावड़ा-
मुंबई आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग खलघाट टोल पर तडक़े सुबह 4.30 बजे से ही किसान पहुंचे और आंदोलन शुरू किया। किसानों को रोकने के लिए पुलिस ने खलटांका चौकी और कसरावद फाटे पर बैरिकेडिंग की। ट्रैक्टरों को रोकने की कोशिश की गई। इससे किसानों ने जमकर नारेबाजी की।

Related Articles

Back to top button