श्रीमद्भगवद्गीता का शाश्वत संदेश आज भी प्रासंगिक: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल

प्रदेशवासियों को जन्माष्टमी की दी शुभकामनाएँ
भोपाल। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने भगवान श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ प्रेषित की हैं। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन धर्म, सत्य, करुणा और न्याय का अद्भुत उदाहरण है। उनका उपदेश “कर्मण्येवाधिकारस्ते मा फलेषु कदाचन” हमें जीवन में निस्वार्थ भाव से कर्म करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने श्रीमद्भगवद्गीता के माध्यम से मानव जाति को धर्म, कर्तव्य और नैतिकता का शाश्वत संदेश दिया, जो आज भी उतना ही प्रासंगिक है।

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि यह पर्व हमें प्रेम, भाईचारा, सहिष्णुता और सेवा की भावना को अपनाने का अवसर देता है। श्रीकृष्ण के जीवन से हमें यह सीख मिलती है कि विपरीत परिस्थितियों में भी धैर्य, साहस और सत्य के मार्ग पर अडिग रहकर विजय प्राप्त की जा सकती है। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे इस अवसर पर जनकल्याण के कार्यों में सहभागिता करें और समाज में सौहार्द एवं एकता का संदेश फैलाएँ।

















