पुलिस अधीक्षक द्वारा आयोजित मासिक अपराध समीक्षा बैठक में की गई समीक्षा

आगामी पर्वों एवं कार्यक्रम में पुलिस व्यवस्था तथा अपराध नियंत्रण, गुंडा-निगरानी बदमाशों की गतिविधियों पर सतत निगरानी, नियमित रात्रि, पेट्रोलिंग एवं प्रभात गश्त के दिए निर्देश
@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। आज दिनांक 06/02/2026 को पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री अगम जैन द्वारा मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले की कानून-व्यवस्था एवं अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में जिले के समस्त थानों के गंभीर अपराध, महिला संबंधी अपराध, मर्ग, शिकायतों का निराकरण, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही, ई-साक्ष्य, ई-विवेचना, ई-समन/वारंट तामीली, सीसीटीएनएस फीडिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई।

गंभीर शिकायत, प्रकरण महिला संबंधी अपराधों में त्वरित कार्यवाही हेतु निर्देश दिए गए। आगामी दिनों में जिले में महाशिवरात्रि, बागेश्वर धाम कार्यक्रम, डांस फेस्टिवल, रमजान सहित अन्य कार्यक्रमों में सुरक्षा, यातायात, कानून व्यवस्था के संबंध में संबंधित पुलिस अधिकारी को निर्देशित किया गया। संवेदनशील स्थान में पुलिस निरंतर भ्रमण, चक्षु अभियान के तहत सीसीटीवी कैमरे लगवाए जाने, नियमित रात्रि, प्रभात गश्त हेतु निर्देश दिए।

“समर्थ अभियान” के तहत सीसीटीएनएस, साइबर, कोर्ट मोहर्रिर सहित अन्य कोर्स में नियमित प्रशिक्षण आयोजित हों। फील्ड में स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मी बलवा किट का उपयोग अवश्य करें। जन सामान्य से सकारात्मक भाषा का प्रयोग एवं व्यवहार करें।

पुलिस अधीक्षक द्वारा माह जनवरी में पुलिस द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की गई। माह जनवरी के सड़क दुर्घटना संबंधी आंकड़ों का तुलनात्मक समीक्षा की गई, इस वर्ष सड़क दुर्घटना एवं मृत्यु दर आंकड़े विगत वर्ष की तुलना में लगभग आधे है। पुलिस भूमि के संबंध में जिले के सभी थाना प्रभारी को भूमि के उपयोग, निर्माण एवं आवश्यक व्यवस्थाओं हेतु निर्देश दिए गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आदित्य पटले द्वारा पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि जो कैदी अन्य जिले से अपने जिले के कारागार में निरुद्ध हो रहे हैं, संबंधित जानकारी की फीडिंग करें। ड्रग्स के विरुद्ध कार्यवाही हेतु ड्रग्स इंस्पेक्टर से समन्वय बनाकर कार्यवाही करें। नियमित गुंडा परेड, कांबिंग गश्त हेतु निर्देश दिए गए।
बैठक में जमानत निरस्तीकरण, जेल से रिहा अपराधियों की चेकिंग, गुंडा एवं निगरानी बदमाशों की सतत निगरानी, जनसंवाद, प्रतिबंधात्मक कार्यवाही जैसे प्रभावशील कार्यों पर चर्चा की गई। समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को लंबित शिकायतों, लंबित गंभीर एवं महिला संबंधी अपराधों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैंक, एटीएम, सराफा दुकान के पास भ्रमणशील, सर्राफा व्यापारियों से चर्चा, साप्ताहिक हाट-बाजारों में तैनाती एवं सतर्कता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। अपराध समीक्षा बैठक में लेखराज मीणा आईपीएस (पी), समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।




