अपराध समीक्षा बैठक: पुलिस अधीक्षक द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम में की गई अपराधों की मासिक समीक्षा बैठक

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। आज दिनांक 11/05/2026 को पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री रजत सकलेचा द्वारा पुलिस कंट्रोल रूम सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था एवं लंबित अपराधों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान जिले के समस्त थानों के गंभीर अपराध, महिला संबंधी अपराध, मर्ग, एससी/एसटी प्रकरण, शिकायतों के निराकरण, सीसीटीएनएस फीडिंग सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदुओं की समीक्षा की गई। लंबित अपराधों की स्थिति एवं लंबित रहने के कारणों पर चर्चा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। साथ ही माननीय न्यायालय संबंधी कार्यवाहियों के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु भी निर्देश प्रदान किए गए।

इसके अतिरिक्त गंभीर अपराध, लघु अधिनियम संबंधी प्रकरणों एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाहियों की भी समीक्षा की गई। सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़ों को चेक कर पुलिस अधिकारियों को दुर्घटना पीड़ितों के प्रति संवेदनशीलता एवं आवश्यक त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसामान्य के साथ सकारात्मक भाषा एवं व्यवहार बनाए रखने हेतु निर्देशित किया गया, पुलिस एवं आमजन के मध्य बेहतर समन्वय एवं विश्वास रहे। अपराध समीक्षा बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आदित्य पटले, समस्त अनुविभागीय पुलिस अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी तथा संबंधित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।





