बड़ी खबर: थानेदारों की होगी मासिक परीक्षा, तीन बार फेल हुए तो हट सकती है कुर्सी

#भोपाल। पुलिसिंग में जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने के लिए भोपाल पुलिस कमिश्नरेट नई ग्रेडिंग प्रणाली लागू करने जा रहा है। इसके तहत थाना प्रभारियों (TI) का हर महीने 1000 अंकों के पैमाने पर मूल्यांकन किया जाएगा। लगातार तीन माह तक खराब प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों को पद से हटाया जा सकता है।

पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सभी थाना प्रभारियों की बैठक लेकर नई व्यवस्था की जानकारी दी। ग्रेडिंग 22 बिंदुओं पर होगी, जिनमें अपराध नियंत्रण, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी, वारंट तामिली, एनडीपीएस व आर्म्स एक्ट की कार्रवाई और गंभीर अपराधों की विवेचना शामिल हैं।
अच्छे कार्यों पर अंक मिलेंगे, जबकि लापरवाही, बढ़ते अपराध, लंबित वारंट और कमजोर निगरानी पर अंक काटे जाएंगे। बेहतर प्रदर्शन करने वाले थाना प्रभारियों को बोनस अंक भी दिए जाएंगे।
भोपाल पुलिस का यह कदम पुलिसिंग में प्रतिस्पर्धा और जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।



