भोपाल

ग्राम पंचायतों को नलजल योजनाओं के संधारण में पूरा सहयोग करें: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल, नलजल योजना संधारण के नवीन प्रावधानों की पंचायत को जानकारी दें: उप मुख्यमंत्री

@भोपाल/ रीवा। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने सर्किट हाउस रीवा में आयोजित बैठक में जलजीवन मिशन के कार्यों तथा पेयजल व्यवस्था की समीक्षा की। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर बसाहट को शुद्ध और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना हम सबकी जिम्मेदारी है। देश के यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने जल जीवन मिशन के माध्यम से हर गांव में नल से शुद्ध जल घर-घर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया है। इस संकल्प को पूरा करने के लिए जिले से लेकर ग्राम स्तर तक विभिन्न विभाग तथा जलजीवन मिशन समनव्य से कार्य करें। प्रधानमंत्री जी तथा मुख्यमंत्री जी की उच्च प्राथमिकता की जलजीवन मिशन योजना के क्रियान्वयन में किसी तरह की कोर कसर न रखें। पूर्ण एकल नलजल योजनाओं को ग्राम पंचायतों को हस्तांतरित कराकर उनका नियमित संचालन कराएं। ग्राम पंचायतों को नलजल योजनाओं के संधारण में पूरा सहयोग करें।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि नलजल योजनाओं के संचालन और संधारण के लिए आवश्यक उपकरणों की खरीद के लिए शासन ने ग्राम पंचायतों को अधिकार दिए हैं। कार्यपालन यंत्री पीएचई अधीनस्थ अधिकारियों तथा सरपंचों एवं ग्राम पंचायत सचिवों के साथ प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित कराकर नवीन प्रावधानों की जानकारी दें। इससे ग्राम पंचायतें 15वें वित्त तथा अन्य मदों की राशि नलजल योजनाओं के सुधार में व्यय कर सकेंगी। गांव में निर्माण कार्य के समय इस बात का विशेष ध्यान रखें कि पेयजल पाइपलाइन को कोई नुकसान न हो। यदि निर्माण एजेंसी पाइपलाइन को क्षतिग्रस्त करती है तो उसका सुधार भी करे।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पेयजल व्यवस्था के संबंध में प्राप्त शिकायतों का तत्काल निराकरण कराएं। हैण्डपंपों के सुधार के लिए अभियान चलाएं। समूह नलजल योजनाओं का निर्माण कार्य पूरा हो जाने पर अगले वर्ष के शुरूआत तक जिले के अधिकांश गांवों में नल से पानी की आपूर्ति होने लगेगी। कलेक्टर कंदैला समूह नलजल योजना के गांव के सरपंचों के साथ बैठक करके ओरिएंटेशन करें। ग्राम पंचायतों को जल कर की वसूली के लिए भी प्रोत्साहित करें। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने सगरा में पेयजल पाइपलाइन के सुधार, वाल्व आपरेटर तथा पंप आपरेटर के मानदेय के भुगतान एवं हैण्डपंपों में सिंगल फेज मोटर लगाने के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए। बैठक में उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सोहागी के समीप जलजीवन मिशन से प्रस्तावित इंटरमीडिएट पंपिंग स्टेशन का निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराएं। वन मण्डलाधिकारी इसके लिए आवश्यक मंजूरी जारी कराएं।

बैठक में बताया गया कि सतना बाणसागर समूह नलजल योजना से रीवा जिले के 210 गांवों में पानी की आपूर्ति होगी। इसका निर्माण कार्य मार्च 2027 तक पूरा होगा। रीवा बाणसागर समूह नलजल योजना, टमस समूह नलजल योजना में कार्य तेजी से किया जा रहा है। बैठक में कलेक्टर नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने कहा कि नलजल योजनाओं की प्रगति की नियमित समीक्षा की जाएगी। निर्माण कार्यों की बाधाएं दूर करके तेजी से कार्य पूरे किए जाएंगे। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल, अध्यक्ष विन्ध्य विकास प्राधिकरण डॉ. पंचूलाल प्रजापति, अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर, श्री राजेश पाण्डेय, जिला प्रबंधक जलजीवन मिशन चित्रांशु सहित जलजीवन मिशन के सहायक यंत्री तथा उपयंत्री एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button