छतरपुर

जेईई मैन्स 2026 में लहराया सफलता का परचम, शीलिंग पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने बढ़ाया जिले का मान

@छतरपुर। शहर के 26 वर्षों से अग्रणी शिक्षण संस्थान शीलिंग पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा जेईई मेन 2026 में शानदार सफलता अर्जित की है। हायर सेकेंडरी कक्षा के तीन मेधावी छात्रों ने उच्च प्रतिशत प्राप्त कर न केवल विद्यालय, बल्कि पूरे शहर और जिले का नाम रोशन किया है।

विद्यालय के डायरेक्टर संजीव आर. नगरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि छात्र दक्षलाल निगम ने 99.49 प्रतिशत, ईशान जैन ने 98.77 प्रतिशत तथा अर्चित चतुर्वेदी ने 93.11 प्रतिशत अंक प्राप्त कर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है तथा तीनों विद्यार्थियों ने जेईई एडवांस 2026 के लिए पात्रता भी प्राप्त कर ली है। यह सफलता कठोर परिश्रम, अनुशासन और निरंतर अभ्यास का परिणाम है।
विद्यालय की प्राचार्य ख्याति गौतम ने कहा कि यह उपलब्धि विद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर प्रयास करने की प्रेरणा दी।

स्कूल संचालक संजीव नगरिया ने सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और कहा कि आने वाली सीबीएसई बोर्ड परीक्षा 2026 में भी विद्यार्थी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपने माता-पिता, विद्यालय एवं शहर का नाम रोशन करें। विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त किया है। यह सफलता अन्य छात्रों के लिए प्रेरणास्रोत बनकर उन्हें उच्च लक्ष्यों की ओर अग्रसर होने के लिए उत्साहित करेगी।

Related Articles

Back to top button