छतरपुर

विधानसभा में गूंजा बराना नदी पर पुल निर्माण का मुद्दा, विधायक राजेश शुक्ला ने उठाया ग्रामीणों की परेशानी का बिंदू

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। जिले की बिजावर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोडन और बाकी गिरोली के बीच बहने वाली बराना नदी पर पुल न होने से वर्षों से परेशान ग्रामीणों की आवाज अब मध्यप्रदेश विधानसभा तक पहुंच गई है।

बिजावर विधायक राजेश कुमार शुक्ला (बबलू शुक्ला) ने विधानसभा की प्रक्रिया एवं कार्य संचालन नियमावली के नियम 267-क के अधीन इस गंभीर समस्या को विधानसभा के शून्य काल में सदन के पटल पर रखा। उन्होंने शासन से मांग की है कि ग्रामीणों की सुरक्षा और सुगम आवागमन के लिए यहां शीघ्र पुलिया या पुल का निर्माण कराया जाए।

विधायक शुक्ला ने सदन को जानकारी दी कि ग्राम कोडन और बाकी गिरोली के निवासियों को स्कूल, पंचायत भवन और विकासखंड मुख्यालय तक पहुंचने के लिए बराना नदी पार करनी पड़ती है। पुल के अभाव में बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी होती है। वर्षा ऋतु में जलस्तर बढ़ने के कारण इन गांवों का संपर्क पूरी तरह कट जाता है। विधायक ने बताया कि पूर्व में बरसात के दौरान यहां जान-माल की हानि की घटनाएं भी घटित हो चुकी हैं, जो अत्यंत चिंताजनक है।

सड़क और पुल न होने से बाधित है विकास
सदन में दी गई सूचना में कहा गया कि सुगम मार्ग न होने से इन क्षेत्रों का विकास भी प्रभावित हो रहा है। आपातकालीन स्थिति में एम्बुलेंस या अन्य वाहनों का पहुंचना नामुमकिन हो जाता है। ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही इस मांग को प्राथमिकता देते हुए विधायक ने अध्यक्ष महोदय से इस विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करने का अनुरोध किया है।

Related Articles

Back to top button