अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “सशक्त नारी” अभियान के तहत नगरीय एवं ग्रामीण महिला सदस्यों की उपस्थिति में जिले के समस्त थानों में आयोजित कार्यक्रम

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर छतरपुर जिले के समस्त नगरीय एवं ग्रामीण थाना परिसरों में “सशक्त नारी” अभियान के अंतर्गत महिला सदस्यों की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इस अवसर पर छतरपुर पुलिस द्वारा सभी को महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दी गईं।

महिला सुरक्षा, सम्मान एवं सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री अगम जैन द्वारा “सशक्त नारी” अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान के माध्यम से क्षेत्र की महिलाओं से समन्वय स्थापित कर उन्हें कानूनी प्रावधानों, अधिकारों एवं सुरक्षा संबंधी उपायों के प्रति जागरूक किया जा रहा है।

अभियान के अंतर्गत महिलाओं को महिला संबंधी अपराधों की रोकथाम, संदिग्ध व्यक्तियों एवं आपराधिक गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया गया। इस पहल के सकारात्मक परिणाम भी सामने आए हैं, जो अत्यंत प्रभावी सिद्ध हो रहे हैं।

कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा उपस्थित महिलाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा उनके विधिक अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई एवं समाज में महिला सशक्तिकरण का संदेश दिया गया।

छतरपुर पुलिस की ओर से जिले वासियों को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं। समाज, परिवार एवं राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की भूमिका अतुलनीय है। आइए, महिलाओं के अधिकार, सम्मान और सुरक्षा के प्रति जागरूक होकर एक सुरक्षित एवं समतामूलक समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।


















