छतरपुर

श्रृद्धा सुमन: हर सोमवार हो खुशियों से भरा सोमवार का दिन प्रदीप कुमार राजपूत के लिए खुशियां लेकर आया

कलेक्टर के निर्देशन में आवेदक प्रदीप कुमार राजपूत को ग्राम पं सचिव के पद पर मिली अनुकंपा नियुक्ति, जिपं सीईओ ने प्रदीप को सौंपा नियुक्ति पत्र

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। जिला प्रशासन की पहल सोमवार हो सकारात्मक। जिसमें ऐसे प्रकरण जो लंबे समय से लंबित है उनके तत्काल निराकरण किए जाएं। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन में श्रृद्धा सुमन अभियान चलाया जा रहा है। जिसके तहत अनुकंपा नियुक्ति से संबंधित प्रकरणों का निराकरण कर आवेदक को नियमानुसार अनुकंपा नियुक्ति पत्र सौंपा जाता है।  

ऐसी ही पहल एक बार फिर सोमवार 9 मार्च को देखने को मिली। जब जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया द्वारा आवेदक प्रदीप कुमार राजपूत को जनपद पंचायत लवकुशनगर के ग्राम पंचायत ज्यौराहा में सचिव के पद पर अनुकंपा नियुक्ति पत्र का आदेश सौंपा गया। प्रदीप के पिता स्व. सुखदेव राजपूत ग्राम पंचायत सचिव के पद पर चितहरी में कार्यरत थे, सेवाकाल के दौरान उनकी दुःखद मृत्यु हो गई थी। दिवंगत शासकीय सेवक को श्रृद्धा सुमन के रूप में उनके बेटे को त्वरित कार्यवाही एवं सकारात्मक पहल के साथ अनुकंपा नियुक्ति दी गई।

इस दौरान प्रदीप ने नियुक्ति पत्र मिलने पर शासन प्रशासन को धन्यवाद दिया है। उन्होंने कहा कि पद रिक्त नहीं होने के कारण कई दिनों से नियुक्ति नहीं मिल पा रही थी। लेकिन जैसे ही पद रिक्त हुआ तो जिला प्रशासन द्वारा तत्काल नियुक्ति देने की कार्यवाही की। जिला पंचायत सीईओ ने बताया कि श्रृद्धा सुमन अभियान में प्रशासन द्वारा सकारात्मक पहल की जा रही है कि हर परेशान व्यक्ति यहां आए तो मुस्कुराता हुआ वापस जाए।

कलेक्टर श्री जैसवाल के निर्देशन में जिले में दिवंगत शासकीय सेवकों के संबंधित वैध वारिस को अनुकंपा नियुक्ति देने की तत्काल प्रक्रिया की जा रही है। उल्लेखनीय है कि प्रदेश भर में छतरपुर जिला प्रशासन अनुकंपा नियुक्ति के प्रकरणों का निराकरण करने में उदाहरण बनकर उभरा है। जहाँ नई ऊर्जा और सकारात्मक संकल्पों की राह से अनुकंपा नियुक्ति की उम्मीद लगाए चेहरों पर खुशियां बिखर रहीं हैं। जिला प्रशासन द्वारा नियुक्ति प्रक्रिया को बहुत ही आसान किया गया है, जिससे आवेदकों को बहुत ही कम समय में अनुकंपा नियुक्ति मिल रही।

Related Articles

Back to top button