सिंगरौली

सीधा संवाद, त्वरित समाधान: “पुलिस और जनता के बीच मजबूत संवाद—सिंगरौली में सफल जन चौपाल आयोजन”, आमजन की समस्याओं का मौके पर समाधान

@सिंगरौली। पुलिस महानिरीक्षक रीवा जोन, रीवा गौरव राजपूत एवं पुलिस उप महानिरीक्षक रीवा क्षेत्र हेमंत चौहान के निर्देशन में तथा पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री एवं प्रभारी अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती  गायत्री तिवारी, नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर उमेश प्रजापति के मार्गदर्शन में आज दिनांक 28 अप्रैल 2026 को सायं 04:00 बजे से 06:00 बजे तक जिले के समस्त थाना एवं चौकी स्तर पर “जन चौपाल” कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस एवं आमजन के मध्य सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित एवं विधिसम्मत निराकरण करना रहा। जिले के समस्त थाना प्रभारी एवं चौकी प्रभारियों द्वारा अपने-अपने थाना/चौकी क्षेत्रों में निर्धारित समय पर जन चौपाल आयोजित कर नागरिकों की समस्याएं सुनी गईं एवं उनके निराकरण हेतु आवश्यक कार्यवाही की गई। कार्यक्रम के पूर्व व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में नागरिक जन चौपाल में उपस्थित हुए और अपनी समस्याएं, सुझाव एवं शिकायतें पुलिस प्रशासन के समक्ष रखीं।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री द्वारा थाना विन्ध्यनगर क्षेत्र में आयोजित जन चौपाल कार्यक्रम में सहभागिता
पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री द्वारा थाना विन्ध्यनगर क्षेत्र अंतर्गत सामुदायिक भवन, सेक्टर-02 में आयोजित “जन चौपाल” कार्यक्रम में सहभागिता की गई। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित आमजन को संबोधित करते हुए कहा कि पुलिस अपने लक्ष्यों—महिला सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं अपराध नियंत्रण—को जनसहयोग से ही प्रभावी रूप से प्राप्त कर सकती है। कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा बताया गया कि आमजन की समस्याओं एवं शिकायतों को सुनने एवं उनके विधिवत निराकरण हेतु पृथक रजिस्टर की व्यवस्था की गई है, जिसमें प्राप्त शिकायतों को दर्ज कर उनकी जांच कर समुचित वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने कहा कि जन चौपाल के माध्यम से प्राप्त सुझावों एवं समस्याओं के आधार पर पुलिस अपनी प्राथमिकताओं में आवश्यक परिवर्तन करेगी तथा अपराध नियंत्रण हेतु प्रभावी एवं कठोर कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी, जिससे क्षेत्र में अपराधियों पर पुलिस की पकड़ और अधिक सुदृढ़ हो सके।

पुलिस अधीक्षक श्री खत्री ने विशेष रूप से महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा पर जोर देते हुए कहा कि ऐसा सुरक्षित वातावरण निर्मित किया जाएगा, जिसमें महिलाएं स्वयं को सुरक्षित महसूस करें तथा बच्चों को पर्याप्त संरक्षण प्राप्त हो। साथ ही, नाबालिग बालिकाओं के घर से चले जाने एवं अपहरण जैसे मामलों की रोकथाम हेतु विशेष निगरानी एवं कार्यवाही की जाएगी। उन्होंने नशा मुक्ति के संबंध में भी सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि क्षेत्र में नशा तस्करी एवं नशे के विरुद्ध प्रभावी अभियान चलाकर कठोर कार्यवाही की जाएगी, जिससे समाज को नशामुक्त बनाया जा सके।

जन चौपाल के दौरान निम्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई—
अपराध संबंधी जानकारी
किसी भी प्रकार के अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।
अपराध रोकना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तुरंत साझा करें। आपकी दी गई सूचना एवं पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाएगी।

यातायात सुरक्षा
ट्रैफिक नियमों का पालन करें, सुरक्षित जीवन अपनाएं।
दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट तथा चारपहिया में सीट बेल्ट अनिवार्य रूप से लगाएं।
नशे की अवस्था में वाहन न चलाएं।
धीमी गति से चलें, सुरक्षित चलें, अपने और अपनों का ध्यान रखें।

महिला सुरक्षा
महिलाओं का सम्मान करें, सुरक्षित समाज का निर्माण करें।
छेड़छाड़, उत्पीड़न या हिंसा की घटना की सूचना तुरंत दें।
📞 महिला हेल्पलाइन: 1091
🚨 आपातकालीन सेवा: 112
हमारा संकल्प – सुरक्षित नारी, समृद्ध समाज।

साइबर सुरक्षा
अज्ञात लिंक पर क्लिक करने से बचें।
OTP, पासवर्ड एवं PIN किसी के साथ साझा न करें।
सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारी साझा न करें।
साइबर फ्रॉड की सूचना तुरंत दें – 📞 1930
सतर्क रहें, सुरक्षित रहें।

नशा तस्करी रोकथाम
नशा तस्करी समाज एवं युवाओं के भविष्य के लिए घातक है।
नशा तस्करी की सूचना तुरंत पुलिस को दें। सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
मिलकर करें प्रयास- नशा मुक्त बनाएं समाज।

नशा मुक्ति एवं जागरूकता
नशा छोड़ें, जीवन जोड़ें।
स्वस्थ शरीर, खुशहाल परिवार, उज्ज्वल भविष्य की ओर बढ़ें।
आवश्यकता पड़ने पर नशा मुक्ति केंद्रों की सहायता लें।
स्वयं जागरूक बनें, दूसरों को भी जागरूक करें।
नशा मुक्त समाज ही सुरक्षित समाज है। साथ ही, स्थानीय मीडिया एवं पत्रकार बंधुओं के साथ समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।

सिंगरौली पुलिस द्वारा आमजन को आश्वस्त किया गया कि उनकी समस्याओं के निराकरण हेतु पुलिस सदैव तत्पर है एवं भविष्य में भी इस प्रकार के जन संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे, जिससे क्षेत्र में कानून व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button