ग्वालियर दुग्ध संघ प्रबंधन द्वारा दूध क्रय दरों में वृद्धि, दुग्ध प्रदायक सदस्यों को दिया तोहफा, 21 मई 2026 से होगी क्रय वृद्धि दर प्रभावशील

@भोपाल- रवि गुप्ता। एमपी स्टेट को-आपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (एमपीसीडीएफ) भोपाल से संबद्ध ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ अंतर्गत दुग्ध सहकारी समितियों के दुग्ध उत्पादकों से क्रय किए जाने वाले दूध क्रय दर में वृद्धि की गई है। दुग्ध सहकारी समितियों के दुग्ध उत्पादकों से रूपए 840 प्रति किग्रा फैट से दूध क्रय करने का निर्णय लिया गया है, जो 21 मई 2026 से प्रभावशील होगा।

वितीय वर्ष में सर्वाधिक दूध क्रय दर-
एमपी स्टेट को-आपरेटिव डेयरी फेडरेशन लिमिटेड (एमपीसीडीएफ) भोपाल के प्रबंध संचालक डॉ संजय गोवाणी एवं ग्वालियर दुग्ध संघ के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री बलबीर शर्मा ने बताया कि यह दर ग्वालियर सहकारी दुग्ध संघ की वर्तमान वितीय वर्ष में सर्वाधिक दूध क्रय दर है।
दुग्ध उत्पादकों में खुशी की लहर-
दुग्ध संघ के इस निर्णय से दुग्ध संघ के कार्यक्षेत्र (ग्वालियर, शिवपुरी, दतिया, मुरेना, भिंड, शेओपुर) के दुग्ध उत्पादकों में खुशी की लहर दौड़ने लगी है एवं इस बढ़ोतरी से क्षेत्र के हजारों दुग्ध उत्पादक किसानों को प्रत्यक्ष आर्थिक लाभ प्राप्त होगा।
दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा-
दूध के बढ़े हुए दामों से किसानों को पशुपालन के लिए बेहतर पोषण, चारा एवं पशु स्वास्थ्य सेवाओं पर अधिक निवेश करने में सहायता मिलेगी। इससे दुग्ध उत्पादन को भी बढ़ावा मिलेगा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी।
किसानों के हित में दुग्ध संघ का सराहनीय निर्णय- दुग्ध संघ का यह निर्णय किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए किया गया है, जिससे दुग्ध उत्पादकों में उत्साह का वातावरण है। किसानों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे पशुपालकों के लिए लाभकारी बताया है तथा दुग्ध संघ के प्रबंधन का आभार व्यक्त किया है।
किसानों की आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास- संघ प्रबंधन ने कहा कि भविष्य में भी किसानों के हितों की रक्षा एवं उनकी आय बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि दुग्ध संघ द्वारा दुग्ध उत्पादकों को नियत तिथियों 05, 15 एवं 25 तारीख में अनिवार्य रूप से नियमित भुगतान किया जा रहा है।




