पुलिस चौकी सीलौन को ग्राम झमटुली किया गया स्थानांतरित, नवीन पुलिस चौकी बागेश्वरधाम में गढ़ा सहित 13 ग्राम शामिल

झमटुली चौकी में झमटुली सहित 14 ग्राम शामिल, ग्राम औरिया एवं पठवा को थाना मातगुवां में सम्मिलित
@छतरपुर। जिले में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं जनसुलभ बनाने के उद्देश्य से प्रशासकीय स्वीकृति उपरांत एवं पुलिस अधीक्षक, जिला अभियोजन अधिकारी एवं एसडीएम राजनगर के प्रस्ताव पर विचारोपरान्त जिला स्तरीय समिति की बैठक में लिए गए निर्णय अनुसार जिला मेजिस्ट्रेट पार्थ जैसवाल ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 02 खण्ड ड के अनुसार जिले में नई पुलिस चौकियों की स्थापना एवं कुछ ग्रामों को निकटवर्ती थानों व चौकियों से जोड़े जाने की स्वीकृति प्रदान की गई है।

अधिसूचना के अनुसार पुलिस चौकी सीलौन को ग्राम झमटुली में स्थानांतरित किया गया है। थाना बमीठा अंतर्गत झमटुली चौकी में झमटुली सहित टपरियन, दिदौनिया, बेडरी, ओटा, पुरवा, रमपुरा, श्यामरा, चौका कोड़न, पुतरायान, काबर, सलैया, कटारा एवं पिपरिया हैं एवं नवीन पुलिस चौकी बागेश्वरधाम गढ़ा में गढ़ा सहित पहरा, कुटिया, टुरया, सदना, खुड़न, बधियन, बसारी, कदौहा, गंज, बरेठी, हथना एवं सतना शामिल है।
नई चौकी से इन ग्रामों की दूरी कम होने के कारण आमजन को त्वरित पुलिस सहायता मिल सकेगी। इसके अतिरिक्त थाना पिपट क्षेत्र के ग्राम ओरिया एवं पठवा का पुरवा को वर्तमान थाना क्षेत्र से हटाकर थाना मातगुवां में सम्मिलित किया गया है। यह परिवर्तन जनसंख्या एवं सुरक्षा की दृष्टि से सीमा पुनर्निर्धारण के तहत किया गया है।

















