40 सहकारी समिति प्रबंधकों की वेतन रोकने के कलेक्टर ने दिए आदेश

छतरपुर। कलेक्टर ने सहकारिता बैंक की समीक्षा में पाया कि टर्म लोन की वसूली 50 प्रतिशत से भी कम है। इस पर उन्होंने 40 सहकारी समिति प्रबंधकों की वेतन रोकने के आदेश दिए।

कलेक्टर ने खरीफ मौसम की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए कहा कि मौसम खुलते ही किसानों को बुवाई के लिए प्रेरित किया जाए। कृषि विभाग के अमले को निर्देश दिए कि वे लगातार फील्ड पर रहें और कोदो, कुटकी व अरहर जैसी फसलों का रकबा बढ़ाने में किसानों को मदद करें। मिनीकिट का अधिक से अधिक वितरण और किसानों को फसल बीमा के लिए प्रेरित करने के स्पष्ट निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि यूरिया, डीएपी, एनपीके, पोटाश जैसे उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। सभी डबल लॉक केंद्रों पर शेड निर्माण और बैठक व्यवस्था भी समय पर पूरी की जाए ताकि किसानों को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
छतरपुर जिले में खरीफ मौसम 2025 की तैयारियों और विभागीय प्रगति की समीक्षा को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को एपीसी बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार, उपसंचालक कृषि केके वैध, उपसंचालक पशु विभाग, सहकारिता, मार्कफेड, विपणन, उद्यानिकी, मत्स्य विभाग के अधिकारी और एफपीओ संचालक उपस्थित रहे।
कलेक्टर ने सहकारिता बैंक की समीक्षा में पाया कि टर्म लोन की वसूली 50 प्रतिशत से भी कम है। इस पर उन्होंने 40 सहकारी समिति प्रबंधकों की वेतन रोकने के आदेश दिए और पैक्स कंप्यूटरीकरण, ईआरपी एंट्री और ई-पैक्स की स्थिति की भी गहन समीक्षा और सुधार के निर्देश दिए।




