निष्पक्ष एवं बेहतर सोच वाली कांग्रेस सरकार जरूरी : नीरज दीक्षित
गांवों में जनसंपर्क कर कांग्रेस प्रत्याशी ने मांगा जनसमर्थन

महाराजपुर। विधानसभा क्षेत्र में चुनावी प्रचार के दौरान कांग्रेस प्रत्याशी नीरज दीक्षित ने रविवार को ग्राम सिंहपुर, मुखर्रा, खिरवा सहित कई गांव में जनसंपर्क कर लोगों का आशीर्वाद लिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि एक तरफ किसानों का कर्ज माफ करने की सोच है तो दूसरी तरफ किसानों पर झूठे मुकदमे लगाने वाली भाजपा की सोच है। कांग्रेस की युवाओं को रोजगार देने वाली, महिलाओं को 1500 प्रतिमाह और 500 में गैस सिलेंडर सहित 100 यूनिट बिजली मुफ्त देने की सोच है।
इसलिए मध्यप्रदेश में बेहतर और निष्पक्ष सोच वाली कांग्रेस सरकार जरूरी है। क्षेत्रीय विधायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी नीरज दीक्षित ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा से ही सर्वहारा वर्ग को लाभान्वित करने की दिशा में बेहतर ढ़ंग से काम करती रही है और भविष्य में करती रहेगी। श्री दीक्षित ने कहा कि मध्यप्रदेश में भाजपा ने छल कर कांग्रेस की सत्ता छीनी थी। अब ऐसी सरकार को सबक सिखाने के लिए कांग्रेस का साथ देना जरूरी है। श्री दीक्षित ने कहा कि हमने विपक्ष में रहते हुए भी अपने क्षेत्र के चहुमुखी विकास की लड़ाई हमेशा लड़ी है और लड़ते रहेंगे।











