शासकीय महाविद्यालय शाहपुर में प्रवेश प्रारंभ, सभी विषय मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग से स्वीकृत

शाहपुर/सागर@पी.एल पटेल। मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत ई प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। सागर जिले के शासकीय महाविद्यालय शाहपुर में भी ई प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। विज्ञान, कला एवं वाणिज्य संकाय में कक्षा 12वीं उत्तीर्ण छात्र-छात्राएं ई प्रवेश के अंतर्गत किसी भी ऑनलाइन सेंटर पर जाकर स्नातक प्रथम वर्ष में ऑनलाइन प्रवेश हेतु अपना पंजीयन करवा सकते हैं। छात्र-छात्राओं का वेरिफिकेशन (सत्यापन) भी ऑनलाइन ही होगा। ई प्रवेश का प्रथम चरण 15 से 30 मई तक, द्वितीय चरण 7 जून से 13 जून तक तथा तृतीय चरण 20 जून से 25 जून तक चलेगा। पंजीयन हेतु विद्यार्थियों को महाविद्यालय नहीं जाना होगा। यदि स्नातक में प्रवेश से संबंधित छात्र, छात्राओं को कोई कठिनाई है तब महाविद्यालय में हेल्प सेंटर जाकर विद्यार्थी अपनी समस्याओं का समाधान कर सकते हैं।

प्राचार्य डॉ० घनश्याम भारती ने बताया कि सभी विषय शासन से स्वीकृत होने के कारण छात्र-छात्राओं की स्नातक की प्रवेश शुल्क लगभग 2000 रु०होगी। इस महाविद्यालय में स्नातक बी०ए० में हिंदी साहित्य, अंग्रेजी साहित्य, अर्थशास्त्र, भूगोल, राजनीति विज्ञान, समाजशास्त्र, इतिहास तथा बीएससी में गणित, भौतिक शास्त्र, रसायन शास्त्र, प्राणी शास्त्र, वनस्पति शास्त्र, कंप्यूटर साइंस, बीकॉम प्रथम वर्ष में कॉमर्स के सभी विषय संचालित हैं। कुछ विषय वोकेशनल में विद्यार्थी अपनी रुचि के आधार पर ले सकते हैं। छात्राओं हेतु गांव की बेटी, प्रतिभा किरण, मुख्यमंत्री जन कल्याण संबल योजना, पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ मिलेगा। छात्रों को भी संबल योजना तथा छात्रवृत्ति का नियमानुसार लाभ मिलेगा।इस महाविद्यालय में समस्त विषयों के सहायक प्राध्यापकों के समस्त पद मध्यप्रदेश शासन उच्च शिक्षा विभाग से स्वीकृत हैं। तथा समस्त विषयों में शिक्षक कार्य कर रहे हैं।


















