एमडी ड्रग्स तस्करी का भंडाफोड़: 16.45 ग्राम मादक पदार्थ के साथ महिला सहित दो गिरफ्तार, नेटवर्क की जांच जारी

#सागर- संभागीय हेड चौधरी शशि कुमार कुर्मी। जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मोतीनगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स (मेफेड्रोन) के साथ एक पुरुष एवं एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि इस नेटवर्क से जुड़ा एक अन्य आरोपी फरार है जिसकी तलाश जारी है।

पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई।
जानकारी के अनुसार 5 जून को थाना मोतीनगर पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भोपाल रोड बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति एमडी ड्रग्स बेचने की फिराक में खड़ा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने स्वतंत्र गवाहों की मौजूदगी में घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया।
पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम सौरभ उर्फ रॉबिन पांडेय (30 वर्ष) निवासी तिरूपतिपुरम, थाना गोपालगंज, सागर बताया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 13.61 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई है।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21 के तहत मामला दर्ज कर पूछताछ की गई। आरोपी के मेमोरेण्डम कथन के आधार पर पुलिस ने मामले में शैलजा सोनी को भी आरोपी बनाया और उसके कब्जे से 2.84 ग्राम एमडी ड्रग्स बरामद की, जिसकी कीमत लगभग 15 हजार रुपये आंकी गई है। महिला आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों से कुल 16.45 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की है, जिसकी कुल अनुमानित कीमत करीब 75 हजार रुपये है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि इस अवैध कारोबार में अन्य लोगों की भी संलिप्तता है। पुलिस एक फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है तथा मादक पदार्थों की सप्लाई चेन, खरीद-बिक्री और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि जांच के दौरान और भी महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका-
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत राजपूत, उप निरीक्षक लोकेश पटेल, प्रधान आरक्षक दिनेश यादव, सुनील चौबे तथा आरक्षक अनुराग वैद्य, सत्येन्द्र, गुड्डू शर्मा, चंदन बिल्थरे एवं ब्रजेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सागर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले तस्करों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।




