Uncategorized

विश्व ध्यान दिवस पर पूरे मध्यप्रदेश के थानों में एक साथ आयोजित हुआ हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम, विश्व ध्यान दिवस पर सिंगरौली पुलिस ने तीन दिवसीय हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम का सफल आयोजन

@सिंगरौली-पुलिस पीआरओ। पुलिस महानिदेशक, मध्यप्रदेश श्री कैलाश मकवाणा के निर्देशानुसार, पुलिस अधीक्षक सिंगरौली मनीष खत्री के मार्गदर्शन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिन्हा के नेतृत्व में सिंगरौली जिले के समस्त अनुभागों, थाना स्तर एवं निर्धारित स्थलों पर साप्ताहिक हार्टफुलनेस ध्यान कार्यक्रम का सुव्यवस्थित एवं व्यापक आयोजन किया गया, जिसमें पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

मध्यप्रदेश पुलिस एवं हार्टफुलनेस संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में विश्व ध्यान दिवस के शुभ अवसर पर तनावमुक्ति एवं ध्यान केंद्र कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एक साथ सम्पूर्ण मध्यप्रदेश के समस्त थानों में आयोजित किया गया, जिसमें सिंगरौली जिला भी सक्रिय रूप से सहभागी रहा। कार्यक्रम का आयोजन तीन दिनों तक निरंतर किया गया, जो पुलिस विभाग के लिए एक सराहनीय एवं ऐतिहासिक पहल रही।

हार्टफुलनेस ध्यान सत्र के दौरान प्रतिभागियों को हृदय पर ध्यान केंद्रित कर मानसिक शांति प्राप्त करने, तनाव एवं मानसिक दबाव से मुक्ति, आत्म-संतुलन, भावनात्मक स्थिरता तथा सकारात्मक सोच विकसित करने के व्यावहारिक अभ्यास कराए गए। सत्र में यह भी बताया गया कि नियमित ध्यान अभ्यास से एकाग्रता, निर्णय क्षमता, धैर्य, संवेदनशीलता एवं कार्य-कुशलता में उल्लेखनीय वृद्धि होती है, जिससे पुलिसकर्मी तनावपूर्ण एवं चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी संयम, विवेक एवं मानवीय संवेदना के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकते हैं।

हार्टफुलनेस पद्धति के अंतर्गत ध्यान, प्रार्थना, स्वच्छ मनन एवं आत्म-निरीक्षण जैसे अभ्यासों के माध्यम से आंतरिक शांति एवं मानसिक स्पष्टता प्राप्त होती है, जो पुलिस जैसे अत्यधिक दबाव वाले सेवा क्षेत्र में कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी एवं लाभकारी सिद्ध हो रही है।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस बल के मानसिक एवं शारीरिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करना, तनावमुक्त एवं संतुलित जीवनशैली को प्रोत्साहित करना, कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण का निर्माण करना तथा जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को और अधिक प्रभावी बनाना रहा।

यह ध्यान कार्यक्रम एल.के. सिंह (जोनल कोऑर्डिनेटर), श्री जयभगवान मित्तल, श्रीमती रेवती, सच्चिनंद सिंह एवं अशोक तिवारी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से संपन्न कराया गया, जिनके सतत प्रयासों से हार्टफुलनेस ध्यान सत्र का सफल आयोजन संभव हो सका। इनके द्वारा पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को ध्यान अभ्यास के माध्यम से मानसिक शांति, तनाव प्रबंधन एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने हेतु प्रेरित किया गया।

इसी क्रम में सिंगरौली पुलिस द्वारा विश्व ध्यान दिवस के अवसर पर पुलिसकर्मियों के आंतरिक संतुलन एवं तनावमुक्त जीवन को दृष्टिगत रखते हुए तीन दिवसीय ध्यान योग शिविर कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस शिविर में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ उनके परिवारजनों की सहभागिता भी सुनिश्चित की गई।

उक्त कार्यक्रम में नगर पुलिस अधीक्षक विंध्यनगर पी.एस. परस्ते, एस.डी.ओ.पी. चितरंगी राहुल कुमार सैयाम, थाना प्रभारी विंध्यनगर श्रीमती अर्चना द्विवेदी, थाना प्रभारी बैढ़न अशोक सिंह परिहार, रक्षित निरीक्षक केशव सिंह चौहान, थाना प्रभारी यातायात दीपेन्द्र सिंह कुशवाह, थाना प्रभारी सरई जितेन्द्र भदौरिया, सूबेदार आशीष तिवारी सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

सिंगरौली पुलिस द्वारा भविष्य में भी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समग्र कल्याण, मानसिक स्वास्थ्य संवर्धन एवं कार्य-क्षमता वृद्धि हेतु इस प्रकार के ध्यान, योग एवं अन्य कल्याणकारी कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की योजना है।

Related Articles

Back to top button