जल गंगा संवर्धन अभियान की गतिविधियां जारी जनसहयोग से की गई जल स्रोतों की साफ-सफाई

पन्ना। जिले में जल संरचनाओं के संरक्षण के लिए जनभागीदारी एवं जनसहयोग से जल गंगा संवर्धन अभियान की गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी कड़ी में शनिवार को भी जिले के विभिन्न शहरी और ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत जल स्रोतों तालाब, नदी, तलैया, कुंओं इत्यादि में जनप्रतिनिधियों व स्थानीय नागरिकों की सहभागिता से श्रमदान के माध्यम से साफ-सफाई अभियान संचालित किया गया।
जल स्रोतों को स्वच्छ बनाने जनअभियान परिषद, समाजसेवी संस्थाओं एवं शासकीय सेवकों ने भी श्रमदान करते हुए तालाब में एकत्र मलबे व जलकुंभी को निकालने के कार्य में सहयोग किया। अजयगढ़ नगर क्षेत्र के तालाब सहित, देवेन्द्रनगर के वार्ड 13 के बमुरी तलैया, पवई के नन्हीं पवई तलैया और पतने नदी सहित गुनौर, अमानगंज एवं ककरहटी में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत स्रोतों की सफाई कराई गई। इसके अलावा कई स्थानों पर आगामी वर्षाकाल में जल संग्रहण के दृष्टिगत खुदाई एवं गहरीकरण का कार्य भी शुरू कराया गया, जिसमें नागरिकों ने बढ़चढ़ कर सहभागिता निभाई।
इस मौके पर निकायों के अधिकारियों द्वारा स्थानीयजनों को अभियान के बारे में बताया गया कि पर्यावरण संतुलन को बनाए रखने के लिए प्रकृति के संरक्षण की जरूरत है। शासन द्वारा जल संरचानाओं के संवर्धन एवं संरक्षण को जन-जन का अभियान बनाने जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। सभी सामाजिक, शासकीय, अशासकीय संस्थाएं जल गंगा संवर्धन अभियान में शामिल होकर इसे सफल बनाने में सहयोग करें। पेयजल की आपूर्ति में नदियां, बावड़ियां, कुएँ व तालाब महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अभियान के अंतर्गत जल स्त्रोतों जैसे कुएं, बावड़ी, नदी-नालों आदि की सफाई करने की काम किया जा रहा है।

















