नेशनल एवं स्टेट असेसर टीम द्वारा जिला चिकित्सालय का एनक्वास एवं कायाकल्प असेसमेंट संपन्न

एनक्वास असेसमेंट के समापन पर कलेक्टर ने की सहभागिता, कलेक्टर ने विगत 3 माह में शून्य मृत्यु दर होने पर टीम को बधाई दी
@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। 14 फरवरी 2026 को जिला चिकित्सालय छतरपुर के पंचम तल पर एनक्वास एवं कायाकल्प असेसमेंट का समापन समारोह कलेक्टर पार्थ जैसवाल की उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। जिसमें नेशनल टीम एवं स्टेट टीम के असेसर के साथ साथ एसडीएम अखिल राठौर, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता, सिविल सर्जन शरद चौरसिया, जिला चिकित्सालय छतरपुर की क्वालिटी टीम के समस्त सदस्य, समस्त विशेषज्ञ, चिकित्सा अधिकारी, डॉक्टर्स, मैट्रन इंचार्ज नर्सिंग आफिसर, पैरामेडिकल स्टाफ उपस्थित रहे।
जैसा कि विदित है नेशनल असेसर एवं स्टेट असेसर टीम के द्वारा 12 से 14 फरवरी 2026 तक जिला चिकित्सालय छतरपुर का NQAS (National Quality Assurance Standards) एवं कायाकल्प असेसमेंट किया गया। जिसमें नेशनल टीम की ओर से डॉ. अमिता गर्ग, डॉ. इन्द्रा राठौर, डॉ. शशि महावर एवं स्टेट टीम की ओर से डॉ. विवेक मिश्रा एवं सुश्री शिवांगी उपस्थित रहे।

असेसमेंट में उक्त टीमों द्वारा जिला चिकित्सालय छतरपुर में ओ.पी.डी. एवं आई.पी.डी. व्यवस्था, समस्त ऑपरेशन थियेटर, लेबर रूम, एस.एन.सी.यू., पीडिया वार्ड, आई.सी.यू., इमरजेंसी, किचन, मैकेनाईज्ड लाण्ड्री, पोस्टमार्टम कक्ष, आई.पी.एच.एल. लैब, ब्लड बैंक, रेडियोलॉजी, ड्रग स्टोर एवं कार्यालय व जनरल एडमिनिस्ट्रेशन एवं संधारित रिकॉर्ड आदि कुल 20 विभागों का निर्धारित मापदंडों चेकलिस्ट के अनुसार निरीक्षण किया गया।
असेसमेंट के समापन समारोह पर कलेक्टर श्री जैसवाल ने कहा कि जिला चिकित्सालय छतरपुर में मरीजों को दी जाने वाली चिकित्सीय एवं अन्य सेवाओं की गुणवत्ता की निरन्तरता बनाएं रखें। उन्होंने कहा कि अस्पताल में असेसमेंट में पाई गई कमियों को दूर करने के साथ साथ उनको सस्टेन रखना है। उन्होंने विगत माह में शून्य मृत्यु दर होने पर जिला अस्पताल प्रबंधन की तारीफ भी की। साथ ही एसएनसीयू, पीआईसीयू, ब्लड बैंक, पैथोलॉजी जांच एवं ओपीडी में मिलने वाली सेवाओं की सराहना की और समस्त डॉक्टर एवं नर्सिंग स्टाफ को बधाई दी। उन्होंने कहा जिला अस्पताल में लोड अधिक है उसके बाद भी बेहतर सेवाएं दी जा रहीं है। कलेक्टर के द्वारा जिला चिकित्सालय की व्यवस्थाओं में करवाए गए सुधार एवं प्रशासनिक सहयोग के प्रति सिविल सर्जन डॉ. शरद चौरसिया द्वारा जिला चिकित्सालय की समस्त टीम की ओर से आभार प्रकट किया।




