बागेश्वर धाम में दर्दनाक हादसा: पानी में डूबने से 6 वर्षीय मासूम की मौत

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। जिले के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल बागेश्वर धाम में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां एक 6 वर्षीय मासूम बच्चे की पानी में डूबने से मौत हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक बच्चे का नाम दिव्यांश शर्मा पुत्र प्रवीण कुमार है, जो जगन गेट पुलिस चौकी, जिला रेवाड़ी (हरियाणा) का निवासी था। बताया जा रहा है कि बच्चा बोल नहीं पा रहा था, जिसके उपचार और धार्मिक आस्था के चलते परिजन उसे बागेश्वर धाम लेकर आए थे।
इसी दौरान आज सुबह धाम परिसर में एक पानी के गड्ढे के पास खेलते समय बच्चा अचानक पानी में गिर गया। जब तक परिजन और आसपास मौजूद लोग उसे बाहर निकाल पाते, तब तक काफी देर हो चुकी थी।
घटना के बाद मौके पर अफरा- तफरी मच गई और बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल मासूम की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। परिजन गहरे सदमे में हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।




