मध्यप्रदेश

उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल सतना में आचार्य श्री के प्रथम समाधि स्मृति महोत्सव में हुए शामिल

गौ-सेवा एम्बुलेंस का किया शुभारंभ

भोपाल। उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल गुरूवार को सतना जिले के प्रवास के दौरान पुराना पावर हाउस मैदान में श्री 108 विद्यासागर जी महामुनिराज के प्रथम समाधि महाप्राण दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए एवं उनकी स्मृतियों को नमन किया। उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने कहा कि आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज का सानिध्य साक्षात ईश्वर के स्वरूप में दर्शन की अनुभूति दिलाती है। पूरे देश के लोगों की श्रद्धा उनके प्रति रही है। आचार्य का जीवन त्याग की पराकाष्ठा और साधना की परिसीमा से कहीं बढकर रहा है।

उन्होंने कहा कि इतने त्याग के बाद भी तन समर्पित, मन समर्पित और ये जीवन समर्पित त्याग की भावना के साथ गौ-सेवा और गौ-वंश संरक्षण के अलावा अनेक पाठशालायें, अस्पताल एवं मानवता की सेवा के अनेक संस्थान समाज को दिये। उन्होंने कहा कि त्याग में बडी ताकत होती है। वास्तव में बडा तो वही होता है जो त्यागी है और जो साधक है, धर्म अध्यात्म के आधार पर सिर्फ चलने का काम करता है बल्कि इसी मार्ग पर समाज को चलाने की ताकत रखता है। पूज्यनीय विद्यासागर महाराज जी ने 24 तीर्थंकर के रूप में इस देश और समाज को बहुत कुछ समर्पित किया।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि गौमाता के संरक्षण और संवर्धन के लिए कार्य करना और गांव में कुटीर उद्योग स्थापित करना महाराज जी की एक पहल थी। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज में सुख और शांति लानी है तो गौमाता को प्रसन्न रखना होगा। इस दौरान उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने गौसेवा हेतु दयोदय गौशाला द्वारा घायल, बीमार गौवंश के लिए संचालित गौ-वंश एम्बुलेंस का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा, महापौर योगेश ताम्रकार, जिलाध्यक्ष भगवती प्रसाद पाण्डेय, चेम्बर अध्यक्ष सतीश सुखेजा सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button