कलेक्टर की अध्यक्षता में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय की सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न

विगत कई वर्ष से बैठक नहीं होने पर कलेक्टर ने लिया संज्ञान, बैठक आयोजित कर छात्र हितैषी लंबित मुद्दों पर चर्चा कर अधिकारियों को निर्देश दिए
छतरपुर। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में बुधवार को पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय नौगांव की सलाहकार समिति की बैठक संपन्न हुई। विगत कई वर्ष से बैठक नहीं होने की जानकारी मिलने पर कलेक्टर ने तत्काल संज्ञान लेते हुए बैठक आयोजित की। साथ ही वर्षों से लंबित छात्र हितैषी सुविधाओं और मुद्दों पर चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, एसडीएम जी.एस. पटेल, प्रभारी प्राचार्य एन.पी. चंचल सहित समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक प्रारंभ होने से पहले प्राचार्य द्वारा वार्षिक प्रतिवेदन का वाचन किया गया एवं विद्यालय के संबंध में जानकारी दी गई।

कलेक्टर श्री जैसवाल द्वारा विद्यालय परिसर के भीतर सी.सी. एवं डामर रोड निर्माण, फ्लड लाइट लगवाने, जल समस्या एवं विद्युत समस्या के निराकरण, सफाई व्यवस्था हेतु नाली निकास, विद्युत सप्लाई को उच्च दाब में परिवर्तन करने, प्रधानमंत्री खनिज क्षेत्र कल्याण योजना अंतर्गत 4 कक्षाओं का निर्माण कराने, विद्यालय की पत्रिका नवांकुर छपवाने, रेन वॉटर हार्वेस्टिंग, विद्यालय परिसर में खेल मैदान में 400 मीटर का ट्रैक निर्माण कराने और प्रवजित (माईग्रेशन) छात्र-छात्राओं के लिए अतिरिक्त कंबल कवर क्रय करने आदि बिंदुओं के संबंध में चर्चा एवं समीक्षा की गई। साथ ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा छात्र-छात्राओं की शैक्षणिक, खेल गतिविधियों एवं सुविधा अनुरूप कार्य कराएं। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि बच्चों को पर्यटन स्थलों के साथ साथ, जल निगम के प्रोजेक्टों एवं विभिन्न इंजीनियरिंग साइटों का भी भ्रमण कराएं।

विद्यालय परिसर के भ्रमण में कार्यों के स्टीमेट बनाने के निर्देश-
कलेक्टर ने विद्यालय परिसर का भ्रमण करते हुए निर्माण कराए जाने वाले कार्यों का भी निरीक्षण किया और निर्माण कार्य एवं अन्य कार्यों को कराए जाने से बैठक में चर्चा अनुसार संबंधित कार्यों के स्टीमेट बनाने के पीडब्ल्यूडी सहित संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उपस्थित अभिभावकों द्वारा बच्चों के लिए संचालित मेस में मिलने वाले भोजन आदि की सराहना भी की गई।

















