टीकमगढ़

जो बच्चे जीत कर जा रहे हैं आगे और कङी मेहनत करके हमेशा जीतते रहें: जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक

उत्तर प्रदेश की टीम ने पंजाब की टीम को 2-1 से मात देकर 69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्ष बालक हॉकी प्रतियोगिता का खिताब अपने नाम किया

@टीकमगढ़ जनसम्पर्क। जिले में 69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्ष बालक हॉकी प्रतियोगिता का आज समापन हुआ। टूर्नामेंट के फाइनल मुकाबले में उत्तर प्रदेश ने पंजाब की टीम को 2-1 से मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया। साथ ही तीसरे स्थान के लिए खेले गए मैच में झारखंड ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मणिपुर को 14-1 के अंतर से पराजित किया। उल्लेखनीय है कि 69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्ष बालक हॉकी प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों की टीमों ने हिस्सा लिया।

69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्ष बालक हॉकी प्रतियोगिता के समारोह का मुख्य अतिथि जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक, विशिष्ट अतिथि श्रीमती सरोज राजपूत, पूर्व विधायक टीकमगढ़ श्री राकेश गिरि गोस्वामी, अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने मां सरस्वती जी के माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर शुभारंभ किया। तत्पश्चात छात्राओं द्वारा मां सरस्वती जी का वंदना गीत प्रस्तुुत किया। इस अवसर पर जिले के वरिष्ठ खिलाड़ी श्री पीडी रावत का मंच पर सम्मान किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्य अतिथि जतारा विधायक श्री हरिशंकर खटीक ने कहा कि आज यहां से जो बच्चे जीत कर जा रहे हैं आगे और कङी मेहनत करके हमेशा जीतते रहें। उन्होंने कहा कि जो टीम हारी हैं वे हताश नहीं हो आगे लगातार महनत करके आगे विजय बने। क्योंकि मेहनत करने वालों की कभी हार नही होती। उन्होंने कहा कि आप बुन्देलखंड की इस पावन धरा पर खेलने आये हैं आप सबका स्वागत है। हमारे बुन्देलखंड ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद हो दिया है जिन्होंने पूरे विश्व में हमारे देश का नाम रोशन किया है।

श्रीमती सरोज राजपूत ने कहा कि टीकमगढ़ जिले में हॉकी का राष्ट्रीय स्तर का टूर्नामेंट हुआ यह बहुत ही हर्ष का विषय है। प्रतियोगिता में देश के 32 राज्यों के खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने कहा कि आप सभी खिलाड़ियों ने खेल भावना के साथ उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन किया आप सभी को बधाई। उन्होंने टूर्नामेंट के सफल आयोजन के लिये जिला प्रशासन को धन्यवाद दिया।


पूर्व टीकमगढ़ विधायक श्री राकेश गिरि गोस्वामी ने 69वीं राष्ट्रीय शालेय 14 वर्ष बालक हॉकी प्रतियोगिता सफल आयोजन के लिये जिला प्रशासन सहित सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई दी जिन्होंने इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में अपना योगदान दिया। साथ ही उन्होंने स्टोटर्फ हॉकी ढोंगा ग्राउंड पर अखिल भारतीय वीर सिंह जू देव हॉकी टूर्नामेंट के आयोजन कराने के लिये मुख्य अतिथि से मांग की।

कलेक्टर श्री विवेक श्रोत्रिय ने कहा कि भारतीय टीम के भविष्य के खिलाङी आज इस ग्राउंड पर उपस्थित हैं। इस मैदान में जो खिलाड़ी खेल रहे हैं, वे भविष्य में ओलंपिक सहित अन्य अंतराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे, यह टीकमगढ़ जिले के लिये बड़ी बात है।

प्रतियोगिता के समापन समारोह में कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टीकमगढ़ की छात्राओं ने बधाई नृत्य की प्रस्तुति दी तथा शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय अस्तोन के छात्रों द्वारा किये गये मोनिया नृत्य ने सभी को मंत्रमुग्ध किया। कार्यक्रम के समापन अवसर पर सभी टीमों के द्वारा मार्च पास्ट किया गया। तत्पश्चात अतिथियों द्वारा पुरूस्कार वितरण किये गये तथा विजेता एवं उप विजेता टीम को शील्ड एवं मैडल प्रदान किये। जिला शिक्षा अधिकारी श्री एचएस चौहान से प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिये सभी का आभार प्रकट किया।

इस अवसर पर श्रीमती विभा श्रीवास्तव, श्री स्पनिल तिवारी, अन्य जन प्रतिनिधिगण, तहसीलदार श्री सतेन्द्र सिंह गुर्जर, जिला योजना अधिकारी श्री सीएल अहिरवार, एपीसी श्री शैलेष श्रीवास्तव, स्टेनो श्री जीआर प्रजापति सहित शिक्षा विभाग के संबंधित अधिकारी, पीटीआई तथा बड़ी संख्या स्थानीय तथा छात्र-छात्रायें उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button