बाबू जी की बिरुहली में नववर्ष पर वनभोज व सांस्कृतिक आयोजन, बाबूजी के सपने को साकार करने का प्रयास संजय सत्येंद्र पाठक जी का

@कटनी-शेरा मिश्रा। विजयराघवगढ़ नववर्ष 2026 के शुभारंभ के अवसर पर प्रकृति की गोद में बसे अनुपम स्थल बाबूजी की बिरुहली (बरमानी) में प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी वनभोज एवं भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन परम पूज्य गुरुदेव पं. देवप्रभाकर जी शास्त्री (दद्दाजी) एवं पूज्य पिताजी पं. सत्येन्द्र पाठक (बाबूजी) के पावन आशीर्वाद से संपन्न होगा। आयोजन 3 जनवरी 2026 शनिवार को प्रातः11 बजे से सायं 4 बजे तक तहसील बरही जिला कटनी स्थित बाबूजी की बिरुहली में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में क्षेत्रवासियों को सपरिवार आमंत्रित किया गया है।

इस आयोजन की मूल भावना पूज्य पं. सत्येन्द्र पाठक (बाबूजी) के उस सपने से जुड़ी है जिसमें वे चाहते थे कि उनका संपूर्ण क्षेत्र एकजुट होकर, आपसी सद्भाव और आनंदमय वातावरण में नववर्ष का स्वागत करे। बाबूजी का मानना था कि सामाजिक समरसता सांस्कृतिक चेतना और पारिवारिक आत्मीयता ही किसी भी क्षेत्र की वास्तविक पहचान होती है। इसी उद्देश्य से उन्होंने प्रकृति के सान्निध्य में ऐसे आयोजनों की परिकल्पना की थी जहाँ सभी वर्गों के लोग एक साथ बैठकर हर्षोल्लास के साथ समय बिता सकें।कार्यक्रम में लोकगीतों, पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, रंगारंग कार्यक्रमों के साथ-साथ प्रसिद्ध कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियाँ भी होंगी। इसके अलावा पारंपरिक भोजन एवं आत्मीय मिलन इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहेगा।
कार्यक्रम के आयोजक प्रधान सेवक के रूप में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येन्द्र पाठक आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं बल्कि बाबूजी की विचारधारा और उनके सपनों को जीवंत रखने का माध्यम है जिससे क्षेत्र में आपसी भाईचारा और सांस्कृतिक एकता और अधिक मजबूत हो। संजय सत्येंद्र पाठक ने अपील करते हुए कहा की सभी लोग इस संदेश को अपना आमंत्रण मान कर सपरिवार इष्ट मित्रों सहित समय पर पधारे।
शेरा मिश्रा पत्रकार विजयराघवगढ़ कटनी




