स्वामी विवेकानंद जयंती पर पीजी कॉलेज गढ़ाकोटा में स्वास्थ्य शिविर,रक्त परीक्षण तथा सामूहिक सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित, स्वस्थ्य युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं : डॉ.सुयश सिंघई

@गढ़ाकोटा- पीएल पटेल। राष्ट्रीय युवा दिवस स्वामी विवेकानंद की जयंती के अवसर पर शासकीय पीजी कॉलेज गढ़ाकोटा में सेवा सप्ताह का समापन समारोह गरिमामय एवं अनुशासित वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सूर्य नमस्कार एवं निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर तथा रक्त परीक्षण कार्यक्रम का आयोजन शासकीय चिकित्सालय गढ़ाकोटा के सौजन्य से तथा अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद गढ़ाकोटा के विशेष सहयोग किया गया जिसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। तथा लगभग 150 विद्यार्थियों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं रक्त परीक्षण किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था प्रमुख प्राचार्य डॉ.घनश्याम भारती ने की। मुख्य अतिथि के रूप में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉ.सुयश सिंघई थे, विशिष्ट अतिथि के रूप में डॉ. प्रियंका ब्राह्मण (मेडिकल ऑफिसर) कार्यक्रम में सम्मिलित रहीं। कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती शिम्पी मौर्या थीं। संचालन सुश्री आकृति खरे ने किया। इस अवसर पर डॉ.अजय उपाध्याय (सी.एच.ओ.), लैबटेक्नीशियन किशन अनुरागी, गोविंद अहिरवार, सुश्री सीता दुबे, श्री दीपेंद्र देव विश्वकर्मा एवं हीरालाल प्रजापति मेडिकल स्टाफ के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सिविल हॉस्पिटल गढ़ाकोटा के चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं स्वामी विवेकानंद जी की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया गया।

इसके पूर्व सूर्य नमस्कार कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को नियमित योग एवं व्यायाम के महत्व से अवगत कराया गया तथा स्वस्थ्य जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया गया। अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में संस्था प्रमुख डॉ. घनश्याम भारती ने विद्यार्थियों को राष्ट्रीय युवा दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि युवा वर्ग को शारीरिक, मानसिक एवं नैतिक रूप से सशक्त बनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने युवाओं से अनुशासित जीवन जीने, स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने तथा सकारात्मक सोच को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

मुख्य अतिथि डॉ. सुयश सिंघई ने अपने संबोधन में कहा कि स्वस्थ युवा ही सशक्त राष्ट्र की नींव होते हैं। उन्होंने नियमित व्यायाम, संतुलित आहार एवं समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण को जीवन का अभिन्न अंग बनाने पर विशेष बल दिया। विशिष्ट अतिथि डॉ. प्रियंका ब्राह्मण ने विशेष रूप से छात्राओं को संबोधित करते हुए एनीमिया एवं यूटीआई से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने एनीमिया के कारण, लक्षण एवं इससे होने वाली स्वास्थ्य समस्याओं पर प्रकाश डालते हुए पोषक एवं आयरन युक्त आहार लेने तथा समय पर जांच कराने की आवश्यकता बताई।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। विद्यार्थी परिषद के नगर अध्यक्ष बृजेंद्र सिंह दांगी, परिषद के कॉलेज अध्यक्ष अतुल तिवारी, नगर मंत्री ओम तिवारी के साथ विद्यार्थियों ने पूरे अनुशासन एवं उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। राष्ट्रीय युवा दिवस पर आयोजित यह कार्यक्रम स्वास्थ्य जागरूकता की दिशा में एक सराहनीय कार्य रहा।

















