छतरपुर

जिला न्यायालय परिसर में स्वच्छता को लेकर सख्ती, गुटखा थूकने पर दो पर जुर्माना

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। जिला न्यायालय परिसर की गरिमा, स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने के उद्देश्य से न्यायालय प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिला रजिस्ट्रार न्यायाधीश श्री अरविंद सिंह गुर्जर द्वारा सोमवार, 13 जनवरी को महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई।


न्यायालय परिसर में गुटखा सेवन कर थूकने और सार्वजनिक संपत्ति को गंदा करने के मामले में दो व्यक्तियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई की गई। कार्रवाई की जद में आए व्यक्तियों में वीरेंद्र सिंह (उम्र 55 वर्ष, निवासी ग्राम चिप्या, थाना नयाराजपुर) तथा संजय सैनी (उम्र 42 वर्ष, निवासी शांतिनगर कॉलोनी, सिविल लाइन, छतरपुर) शामिल हैं।
दोनों के आचरण को न्यायालय परिसर की स्वच्छता के विरुद्ध, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाला तथा अनुशासनहीन मानते हुए जिला रजिस्ट्रार न्यायाधीश द्वारा प्रत्येक पर एक-एक हजार रुपये का अर्थदंड आरोपित किया गया।
न्यायालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि न्यायालय परिसर एक गरिमामय सार्वजनिक स्थल है, जहां स्वच्छता, अनुशासन और मर्यादा बनाए रखना प्रत्येक नागरिक का संवैधानिक और नैतिक दायित्व है। भविष्य में भी इस प्रकार की गंदगी फैलाने अथवा अनुशासन भंग करने वालों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
यह कदम न केवल स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाला है, बल्कि आम नागरिकों को कानून, सार्वजनिक संपत्ति और न्यायालय की गरिमा के प्रति जिम्मेदार व्यवहार का स्पष्ट संदेश भी देता है।

Related Articles

Back to top button