कटनी

ग्रामोदय से अभ्युदय की ओर बढ़ते कदम, नवांकुर संस्था के सेक्टर स्तरीय कार्यक्रम में जागी जनचेतना, युवाओं में दिखा उत्साह का नया उजास

@कटनी-शेरा मिश्रा। विजयराघवगढ़ जब गांव जागता है जब युवा आगे बढ़ता है और जब समाज मिलकर जिम्मेदारी उठाता है। तभी विकास केवल योजना नहीं आंदोलन बन जाता है मध्यप्रदेश शासन एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के मार्गदर्शन में संचालित ग्रामोदय से अभ्युदय मध्यप्रदेश अभियान के अंतर्गत नवांकुर संस्था राहत समर्पण सेवा समिति द्वारा आयोजित सेक्टर स्तरीय कार्यक्रम ऐसा ही एक प्रेरणास्पद उदाहरण बना जहाँ विकास स्वच्छता एकता और जनभागीदारी की सशक्त झलक देखने को मिली।

यह अभियान 12 जनवरी से 26 जनवरी 2026 तक प्रदेश भर में ग्राम विकास पखवाड़ा के रूप में संचालित किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य है गांव-गांव में जागरूकता घर घर तक योजनाओं की जानकारी और जन जन की सहभागिता से आत्मनिर्भर समाज का निर्माण। कार्यक्रम में विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी नवांकुर संस्था के सदस्य युवा वर्ग और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। चौपाल संवाद सामूहिक श्रमदान रैली और जनसंपर्क जैसे माध्यमों से यह संदेश दिया गया कि सरकारी योजनाएं तभी सफल होंगी जब जनता स्वयं उनकी भागीदार बने।

कार्यक्रम के दौरान स्वच्छता सामाजिक समरसता युवाओं की भूमिका और सकारात्मक जीवनशैली पर विशेष जोर दिया गया। वातावरण में एक अलग ही ऊर्जा महसूस की गई जैसे हर व्यक्ति अपने गांव के भविष्य को लेकर सजग हो उठा हो। कार्यक्रम का सबसे उत्साहपूर्ण दृश्य तब सामने आया जब क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।युवाओं ने पूरे जोश और खेल भावना के साथ भाग लिया और यह साबित कर दिया कि गांवों में प्रतिभा की कोई कमी नहीं आवश्यकता केवल अवसर की होती है।

प्रतियोगिता में सूरज कुमार सिन्हा (ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति देवरकला)ऋषि राज मोहित कुशवाहा मुकेश राय आशुतोष तिवारी रोहित भूमिया एवं ऋतिक त्रिपाठी ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सभी का ध्यान आकर्षित किया।वहीं बेहतर खेल प्रतिभा के लिए प्रिंस विश्वकर्मा एवं सुमित सेन को प्रतिभा सम्मान देकर सम्मानित किया गया।सम्मान पाकर युवाओं के चेहरों पर जो चमक थी वह आने वाले उज्ज्वल भविष्य की उम्मीद बन गई। राहत समर्पण सेवा समिति के अध्यक्ष डॉ. शारदा प्रसाद साहू ने उपस्थितजनों को संबोधित करते हुए अभियान की महत्ता पर भावनात्मक शब्दों में प्रकाश डाला।

उन्होंने कहा ग्रामोदय से अभ्युदय अभियान केवल कार्यक्रम नहीं बल्कि गांवों को आत्मनिर्भर स्वच्छ और सशक्त बनाने का संकल्प है। सामाजिक सेवा में सक्रिय भागीदारी निभाएं क्योंकि युवा ही गांव की सबसे बड़ी ताकत हैं। सुशासित संचालन और सार्थक समापन कार्यक्रम का संचालन मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की ब्लॉक समन्वयक श्रीमती आरती गुप्ता के निर्देशन में सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। अंत में सभी प्रतिभागियों खिलाड़ियों और उपस्थितजनों का सम्मान किया गया तथा सभी ने यह संकल्प लिया कि हम अपने गांव को स्वच्छ जागरूक और सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।

शेरा मिश्रा पत्रकार विजयराघवगढ़ कटनी

Related Articles

Back to top button