दिवंगत आरक्षक के परिजनों को मिला ₹10 लाख का सहायता चेक, पुलिस सैलरी पैकेज अंतर्गत जीवन बीमा योजना का लाभ

@सिंगरौली। आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय सिंगरौली में पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री के नेतृत्व में पुलिस सैलरी पैकेज अंतर्गत संचालित जीवन बीमा योजना के तहत एक सराहनीय एवं मानवीय पहल की गई। इस योजना के अंतर्गत दिवंगत आरक्षक स्व. श्री अनिल कुमार रौतेल के माता-पिता को आर्थिक सहायता स्वरूप ₹10,00,000 (दस लाख रुपये) का चेक प्रदान किया गया।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 29-06-2025 को पुलिस लाइन में पदस्थ आरक्षक स्व. श्री अनिल कुमार रौतेल का बीमारी के कारण असामयिक निधन हो गया था। इस दुखद घटना के पश्चात पुलिस अधीक्षक श्री मनीष खत्री के सतत प्रयासों एवं स्टेट बैंक ऑफ इंडिया, मुख्य शाखा बैढ़न के सहयोग से जीवन बीमा योजना के अंतर्गत यह आर्थिक सहायता स्वीकृत कराई गई।
आज स्टेट बैंक मुख्य शाखा बैढ़न के शाखा प्रबंधक श्री केशव कामथ द्वारा दिवंगत आरक्षक की माता श्रीमती समरो बाई के नाम जारी ₹10 लाख का चेक पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के करकमलों से प्रदान किया गया।
इस अवसर पर सूबेदार श्री आशीष तिवारी, उप निरीक्षक (आ) श्री दिलीप परते, सउनि (एम) श्री सतीश कुमार तथा स्टेट बैंक मुख्य शाखा बैढ़न के अधिकारी श्री सुजेय कुमार (असिस्टेंट मैनेजर) की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस संपूर्ण प्रकरण में सभी अधिकारियों का योगदान सराहनीय रहा।
पुलिस सैलरी पैकेज अंतर्गत जीवन बीमा योजना से न केवल दिवंगत आरक्षक के परिवार को आर्थिक संबल प्राप्त हुआ है, बल्कि यह पुलिस विभाग की अपने कर्मियों और उनके परिवारों के प्रति संवेदनशीलता एवं प्रतिबद्धता को भी दर्शाता है। यह पहल निस्संदेह एक प्रेरणादायी एवं नेक कार्य है।

















