सागर

गढ़ाकोटा परीक्षा केंद्र में नियम विरुद्ध नियुक्ति का आरोप, स्थानीय सहायक केंद्र अध्यक्ष की जांच की मांग

@गढ़ाकोटा- पीएल पटेल। बोर्ड परीक्षा केंद्र क्रमांक 241034, शा०क० उ०मा०वि० गढ़ाकोटा में स्थानीय सहायक केंद्र अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी सागर को एक लिखित आवेदन प्रस्तुत कर जांच की मांग की गई है।

आवेदन में आरोप लगाया गया है कि श्री कमलेश दुबे की नियुक्ति स्थानीय सहायक केंद्र अध्यक्ष के रूप में की गई है, जबकि उनकी पदस्थापना शासकीय साबूलाल कन्या शाला हाई स्कूल नदीपार गढ़ाकोटा में है। शिकायतकर्ता के अनुसार नियमानुसार स्थानीय सहायक केंद्र अध्यक्ष की नियुक्ति उसी विद्यालय से की जानी चाहिए, जहां परीक्षा केंद्र स्थापित हो।


आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि संबंधित शिक्षक की विगत कई वर्षों से अन्य विद्यालय में पदस्थापना होने के बावजूद उन्हें अलग परीक्षा केंद्र में यह दायित्व सौंपा गया है। साथ ही ब्लॉक शिक्षा अधिकारी पर उच्च अधिकारियों को गलत जानकारी प्रेषित करने का आरोप भी लगाया गया है।

शिकायतकर्ता ने जिला शिक्षा अधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराए जाने तथा मिथ्या जानकारी देने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध वैधानिक कार्यवाही की मांग की है। परीक्षा की पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने हेतु शीघ्र जांच की अपेक्षा व्यक्त की गई है।

Related Articles

Back to top button