छतरपुर

तपती धूप में अडिग साधना, त्याग और संयम की पराकाष्ठा, बुंदेलखंड में रच रहा है आस्था और तप का नया इतिहास

@बकस्वाहा- मनीष जैन। बुंदेलखंड की पावन धरती इन दिनों एक अनोखे और अद्भुत आध्यात्मिक दृश्य की साक्षी बन रही है। नगर के प्रसिद्ध सिंघई मंदिर शाहगढ़ में विराजमान परम पूज्य युगल मुनि श्री 108 श्री श्रुतेश सागर महाराज एवं मुनि श्री 108 श्री सुश्रुत सागर महाराज अपनी कठोर तपस्या और त्यागमयी साधना से पूरे बुंदेलखंड क्षेत्र को आध्यात्मिक ऊर्जा से ओत-प्रोत कर रहे हैं।

दोनों मुनिश्री, जैन संत परंपरा के पूज्य आचार्य श्री सुनीलसागर जी महाराज के शिष्य हैं और दादा गुरु के रूप में पूज्य तपस्वी सम्राट आचार्य श्री सन्मति सागर जी महाराज की महान तप परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उनके जीवन में तप, त्याग, संयम और साधना का जो समन्वय देखने को मिल रहा है, वह सम्पूर्ण क्षेत्र एवं समाज के लिए एक जीवंत आदर्श बन गया है।

भीषण गर्मी और तेज धूप के 42 डिग्री सेल्सियस तपन के बीच, जब आमजन छांव की तलाश करते हैं, ऐसे समय में मुनिश्री प्रतिदिन दोपहर 12:00 बजे से 2:00 बजे तक खुले आसमान में तपती शिला पर कठोर साधना में लीन रहते हैं। यह दृश्य न केवल आश्चर्यचकित करता है, बल्कि श्रद्धालुओं के मन में गहरी आस्था और श्रद्धा का संचार भी करता है।
बुंदेलखंड क्षेत्र में इस प्रकार की कठोर तपस्या का यह पहला अवसर माना जा रहा है, जिससे सम्पूर्ण बुंदेलखंड एक नई पहचान के साथ आध्यात्मिक केंद्र के रूप में उभर रहा है। मुनिश्रियों की यह साधना केवल व्यक्तिगत तप नहीं, बल्कि समाज को संयम, आत्मअनुशासन और धर्म के मार्ग पर चलने का सशक्त संदेश भी दे रही है।


मुनिश्रियों के दर्शन एवं प्रवचन का लाभ लेने के लिए न केवल शाहगढ़, बल्कि आसपास के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु सिंघई मंदिर पहुँच रहे हैं। मंदिर परिसर में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रहती है और पूरा वातावरण भक्ति, शांति एवं आध्यात्मिकता से सराबोर नजर आता है।

मुनिश्रियों के प्रवचनों में जीवन को सरल, संयमित और मूल्यवान बनाने की प्रेरणा मिलती है। वे अपने संदेशों के माध्यम से समाज को अहिंसा, सत्य, करुणा और सदाचार के मार्ग पर चलने का आह्वान कर रहे हैं। उनके द्वारा किए जा रहे इस तप और त्याग को देखकर युवा वर्ग भी विशेष रूप से प्रभावित हो रहा है। नगर के लोगों का मानना है कि इस प्रकार का तप और संयम देखना अत्यंत दुर्लभ होता है। श्रद्धालु इसे अपने जीवन का सौभाग्य मानते हुए अधिक से अधिक संख्या में पहुँचकर धर्मलाभ प्राप्त कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button