छतरपुर

स्वयंसेवी संगठन शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग करें: कलेक्टर, कलेक्टर ने जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित स्वैच्छिक संगठनों के साथ की बैठक

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा दृष्टि योजना अंतर्गत पंख कार्यक्रम के तहत स्वैच्छिक संगठनों की बैठक का आयोजन जिला पंचायत सभाकक्ष में किया गया। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी नमः शिवाय अरजरिया मुख्य रूप से उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य जिले में विभिन्न क्षेत्रों जैसे वन एवं पर्यावरण संरक्षण, ऊर्जा संरक्षण, जैविक कृषि, शिक्षा एवं संस्कार, स्वास्थ्य, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण एवं स्वावलंबी भारत जैसे विषयों पर कार्य कर रहे स्वैच्छिक संगठनों का पंजीयन, परीक्षण एवं मूल्यांकन करना है।

कलेक्टर श्री जैसवाल ने स्वयंसेवी संगठनों से शासन की विभिन्न योजनाओं एवं जनकल्याणकारी अभियानों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय सहयोग करने तथा पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने हेतु शासकीय अमले के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने का आग्रह किया। साथ ही कहा कि क्षेत्र में किए गए अच्छे नवाचारों या कोई व्यक्ति अगर लाभ से वंचित है तो सुझाव एवं जानकारी प्रस्तुत कर सकते हैं। बैठक में जन अभियान परिषद के विकासखंड समन्वयक अनिल कुमार निगम, मनीष शर्मा, श्रीकांत मिश्रा, अनुपमा नायक सहित जिले के 48 स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

संगठनों की कार्यप्रणाली, कार्यालय, मैदानी गतिविधियों, वार्षिक प्रतिवेदन एवं प्रकाशित दस्तावेजों के आधार पर उनकी ताकत, कमजोरियों एवं अवसरों का आकलन कर संस्थाओं का प्रत्यायन किया जाएगा। यह प्रत्यायन विभिन्न शासकीय विभागों को प्रदेश के अलग-अलग क्षेत्रों में उपयुक्त स्वयंसेवी संस्थाएं उपलब्ध कराने का आधार बनेगा।

बैठक में पशुपालन विभाग से अशोक जैसवानी, महिला एवं बाल विकास विभाग से दिनेश दीक्षित, कृषि विभाग से ए.के. मिश्रा, उद्यानिकी विभाग से एस.पी. अहिरवार, स्वास्थ्य विभाग से डॉ. आर.आर.पी. गुप्ता तथा उद्योग विभाग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान सर्वप्रथम सभी स्वयंसेवी संगठनों का परिचय एवं उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों पर चर्चा की गई। इसके उपरांत जिला समन्वयक आशीष ताम्रकार द्वारा मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद की योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी पावर पॉइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी गई।

Related Articles

Back to top button