जिले के पाँच शिक्षकों का स्टेट असेसमेंट सेल टीम के लिए चयन

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। राज्य शिक्षा केंद्र भोपाल द्वारा स्टार प्रोजेक्ट्स के अंतर्गत प्री प्राइमरी से कक्षा 8 तक की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं मूल्यांकन व्यवस्था को सुदृढ बनाने हेतु गठित किये जा रहे स्टेट असेसमेंट सेल एवं डिस्ट्रिक्ट नॉलेज रिसोर्स ग्रुप के लिए आयोजित ऑनलाइन परीक्षा एवं साक्षात्कार में छतरपुर जिले के शिक्षकों ने उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की है छतरपुर जिले से श्री जय नारायण खरे (सामाजिक विज्ञान), श्री सुरेंद्र कुमार द्विवेदी (संस्कृत), श्री रूप सिंह परमार (गणित), श्री राकेश कुमार (विज्ञान), एवं श्री रामशंकर त्रिपाठी (पर्यावरण) का चयन स्टेट असेसमेंट सेल सदस्य तथा जिला रिसोर्स ग्रुप के लिए किया गया है।

यह चयन शिक्षकों की शैक्षणिक दक्षता, विषय ज्ञान एवं नवाचार पूर्ण कार्यशैली के आधार पर किया गया। राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार जिला स्तर पर कुल आठ सदस्यों की टीम गठित की जानी है जिसमें शेष तीन विषय विशेषज्ञ शिक्षकों का चयन जिला स्तर से किया जाएगा। चयनित टीम जिले में मूल्यांकन प्रणाली को मजबूत करने शिक्षकों को अकादमिक सहयोग प्रदान करने तथा विद्यार्थियों के अधिगम स्तर में सुधार हेतु महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। इस उपलब्धि पर कार्यालय जिला शिक्षा अधिकारी छतरपुर, जिला शिक्षा केंद्र छतरपुर, डाइट नौगांव छतरपुर,एवं बीआरसी छतरपुर के अधिकारियों तथा शिक्षकों ने हर्ष व्यक्त करते हुए चयनित शिक्षकों को शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। अधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया है कि चयनित सदस्य अपने अनुभव कार्य कुशलता एवं नवाचार पूर्ण सोच से जिले की शैक्षणिक गुणवत्ता को नई दिशा प्रदान करेंगे।




