RSS प्रमुख मोहन भागवत पहली बार आएंगे जींद

हरियाणा। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत 12 से 14 जनवरी तक जींद में प्रवास करेंगे। वह गोपाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में ठहरेंगे। सुरक्षा को लेकर उनके निजी सुरक्षा कर्मचारियों ने दो दिन पहले गोपाल स्कूल का निरीक्षण किया था।
मोहन भागवत पहली बार जींद में प्रवास करेंगे। 2008 में जब संघ के सरसंघ चालक केसी सुदर्शन थे तो वह जींद आए थे। वह उस समय ट्रेन से आए थे और रेलवे स्टेशन पर ही कुछ देर के लिए रुके थे। इसके बाद मोहन भागवत को सरसंघचालक नियुक्त किया गया था। अब वह तीन दिन के प्रवास पर जींद आ रहे हैं।
उनको जेड प्लस सुरक्षा हासिल है, इसलिए सुरक्षा की दृष्टि से उनके निजी सहायक रविंद्र, सुरक्षा कर्मचारी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों के अधिकारियों ने दो दिन पहले जींद का दौरा किया था। अधिकारियों ने गोपाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का जायजा लिया और उनके ठहरे के लिए निर्धारित कक्ष और आसपास के अन्य कमरों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था के हर पहलू को परखा था। मोहन भागवत यहां केवल संघ के ही लोगों से मिलेंगे। इसके अलावा अन्य लोगों से मिलने का फिलहाल उनका कोई कार्यक्रम नहीं है। वे पत्रकारों से भी बात नहीं करेंगे।
हिंदू संस्कृति को समृद्ध बनाने के लिए करेंगे मंथन-
अपने प्रवास के दौरान मोहन भागवत कार्यकर्ताओं के साथ हिंदू संस्कृति को समृद्ध बनाने के लिए योजना बनाएंगे और मंथन भी करेंगे। कार्यक्रम में चुनिंदा कार्यकर्ता ही शामिल होंगे। तीन दिवसीय प्रवास के दौरान शाखाएं भी लगाई जाएंगी। संघ के प्रदेश प्रचारक राजेश ने बताया कि 12 जनवरी को प्रदेश कार्यकारिणी शाखा लगाने के साथ अबतक क्या प्रगति हुई है, इस पर मंथन किया जाएगा। 13 जनवरी को संघ से जुड़े पूर्व सैनिकों की शाखा लगेगी। इसमें भी चुने हुए पूर्व सैनिक पूरे हरियाणा से भाग लेंगे 14 जनवरी को मकर संक्रांति का पर्व मनाया जाएगा।











