छतरपुर

शिक्षकों के स्कूल समय में कक्षाओं से बाहर रहने पर होगी कार्यवाही : कलेक्टर, सीएम हेल्पलाइन की नॉन अटेंडेड शिकायत रहने पर एक दिवस का कटेगा वेतन

कलेक्टर ने कहा शिक्षा विभाग कैंप लगाकर सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों को बंद कराएं, सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों के कार्यों में गति बढ़ाने एवं शेष कार्यों को जल्द पूर्ण करने के निर्देश, कलेक्टर की अध्यक्षता में टीएल बैठक संपन्न

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में सोमवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक संपन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, संयुक्त कलेक्टर, डिप्टी कलेक्टर, एसडीएम, निकायों के सीएमओ एवं जनपदों के सीईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
 
कलेक्टर श्री जैसवाल ने नवंबर माह की सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों की समीक्षा करते हुए वन, जल संसाधन, महिला बाल विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य, राजस्व, पशुपालन विभाग को प्राथमिकता से शिकायत बंद कराने के निर्देश दिए। उन्होंने उप संचालक पशुपालन को विभाग की शिकायतों में निम्न गुणवत्ता से बंद कराने एवं नॉन अटेंडेड शिकायत रहने पर अप्रसन्नता व्यक्त की और डीडी को शोकॉज और गौरिहार पशुचिकित्सा अधिकारी की 1 दिवस की वेतन काटने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने अनुसूचित जाति कल्याण विभाग की शिकायत लंबे समय से सी ग्रेड में रहने पर जिला संयोजक की वेतन रोकने के निर्देश ट्रेजरी ऑफिसर को दिए। साथ ही शिक्षा विभाग को निर्देशित किया कि कैंपों के माध्यम से 50 दिवस से अधिक की लंबित शिकायत बंद कराएं। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जो भी विभाग नॉन अटेंडेड की श्रेणी में रहेगा तो संबंधित की एक दिवस वेतन काटी जाएगी। साथ ही कलेक्टर ने नॉन अटेंडेड शिकायत रहने पर मंडी सचिव की एक दिवस की वेतन काटने के भी निर्देश दिए।कलेक्टर ने जिले में मंडियों, सीसीबी, मार्कफेड, प्राइवेट विक्रेताओं के पास खाद की उपलब्धता एवं वितरण की भी समीक्षा की और संबंधित एसडीएम से लॉ एंड ऑर्डर व्यवस्था के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए। कलेक्टर ने जिले की समस्त मंडियों में भावांतर योजना के किसानों को मिलने वाली द्वितीय एवं तृतीय किश्त वितरण की भी समीक्षा की।

कलेक्टर ने आदि कर्मयोगी अभियान के तहत आयोजित कैंपों में हितग्राहियो को मिलने वाले लाभ की समीक्षा की और जाति प्रमाण पत्र, केसीसी, आवास, आधार कार्ड, पात्रता पर्ची, उज्जवला कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, जनधन खाते आदि के हितलाभ की जानकारी तैयार करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने सक्षम आंगनबाड़ी केंद्रों में स्मार्ट टीवी इंस्टॉलेशन में छतरपुर एवं बड़ामलहरा जनपदों में प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए एवं शेष कार्यों में पोषण वाटिका, रेनवाटर हार्वेस्टिंग, बिजली कनेक्शन आदि के कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि जनपदों के प्रगतिरत आंगनबाड़ी भवनों के कार्य को जल्द पूर्ण कराएं और पूर्ण भवनों को हैंडओवर करें। कलेक्टर ने केन बेतवा लिंक परियोजना के ढोड़न बांध से संबंधित आवश्यक समस्याओं पर कार्रवाई के संबंध में राजस्व अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। साथ ही सागर कबरई में भू अधिग्रहण के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए।

फिश पार्लर के कार्यों की विज्ञप्ति निकाल कर आवंटित करने के निर्देश
कलेक्टर ने एपीसी मीटिंग के बिंदुओं की समीक्षा करते हुए मत्स्य विभाग के फिश पार्लर की स्थिति की समीक्षा की। जिसमें निकायों को बने हुए कार्यों की विज्ञप्ति निकाल कर जल्द आवंटित करने के निर्देश दिए। बारीगढ़ सीएमओ को शेष 10 दिन के अंदर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही बागवानी यंत्रीकरण योजना में मिनी ट्रेक्टर, पावर टिलर, पावर स्प्रे के 18 यंत्रों की लक्ष्य पूर्ति करने के लिए हॉर्टिकल्चर अधिकारी को निर्देशित किया।

शालाओं के मिड डे मिल की गुणवत्ता के निरीक्षण के लिए लगाई गई अधिकारियों की ड्यूटी
कलेक्टर ने कहा कि अधिकारियों की स्कूल निरीक्षण के लिए ड्यूटी लगाई गई है जिसमें स्कूलों में मिड डे मिल की गुणवत्ता का अधिकारी निरीक्षण करेंगे और आवश्यक कमियों की रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। साथ ही कलेक्टर ने छात्रावासों के शेष अधिकारियों को निरीक्षण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि शिक्षक शाला समय में कक्षाओं से बाहर ना रहें, अन्यथा आवश्यक कार्यवाही की जाएगी। बैठक में कलेक्टर-कमिश्नर कॉन्फ्रेंस के बिन्दुओं की कार्यवाहियों के संबंध में भी अधिकारियों से समीक्षा की गई।

Related Articles

Back to top button