प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ यादव के नेतृत्व में प्रदेश का निरंतर हो रहा विकास: उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
सीहोर में 150 बिस्तरीय नवीन अस्पताल भवन का किया लोकार्पण

सीहोर। उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल, राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमंतु और अर्धघुमंतु कल्याण राज्यमंत्री एवं जिले की प्रभारी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमती कृष्णा गौर ने सीहोर जिला चिकित्सालय में 31.07 करोड़ रूपये लागत से निर्मित 100 बिस्तरीय नवीन अस्पताल भवन एवं 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर युनिट का लोकार्पण किया।
उप मुख्यमंत्री श्री राजेंद्र शुक्ल ने कहा कि सीहोर में आज 150 बिस्तरीय नवीन अस्पताल भवन का लोकार्पण हो रहा है, जिसमें 100 बिस्तरीय अस्पताल एवं 50 बिस्तरीय क्रिटिकल केयर युनिट शामिल है। इस क्रिटिकल केयर युनिट में वे सभी स्वास्थ्य सेवाएं मिलेंगी जो किसी बड़े अस्पताल में उपलब्ध होती हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक चिकित्सालय में डॉक्टर एवं अन्य स्टाफ की संख्या 154 थी जो अब बढ़कर 316 हो जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव अन्य सभी क्षेत्रों के साथ ही स्वास्थ्य के क्षेत्र में भी निरंतर विकास के कार्य कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत गरीबों को निशुल्क इलाज की सुविधा मिल रही। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गरीबों के पक्के मकान का सपना साकार हो रहा है। कैबिनेट ने कुल 33 हजार पदों पर भर्ती करने की मंजूरी दे दी है, जिसमें लगभग 2500 पदों पर डॉक्टरों, लगभग 5 हजार पदों पर टेक्नीशियन, 16 हजार पदों पर ग्रुप डी के आउटसोर्स कर्मचारियों एवं अन्य कर्मचारियों की भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि जब अस्पतालों में डॉक्टरों एवं कर्मचारियों की कमी पूरी हो जाती है तो वह अस्पताल लोगों की नजर में सर्वश्रेष्ट अस्पताल कहलाने लगता है।
इस अवसर कार्यक्रम में पिछड़ा वर्ग मंत्री जिले की प्रभारी मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्रीमति कृष्णा गौर ने कहा कि सरकार गरीबों के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के सामने जब हम क्षेत्र के विकास के लिए कोई मांग करते है तो वे हमेशा क्षेत्र के विकास के लिए हमारी मांगों पर सहमति देते हैं। इस अवसर पर विधायक श्री सुदेश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में देश एवं प्रदेश का निरंतर विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर सुधार हो रहा है एवं गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल रही हैं।
राजस्व मंत्री श्री करण सिंह वर्मा, आष्टा विधायक श्री गोपाल सिंह इंजिनियर, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रचना सुरेंद्र मेवाड़ा, सीहोर नपा अध्यक्ष श्री प्रिंस राठौर सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।