पुलिस द्वारा जिले में छात्र-छात्राओं की परीक्षाओं को दृष्टिगत रखते हुए डीजे संचालकों की बैठक आयोजित

मध्यप्रदेश शासन द्वारा निर्धारित नियमों, शर्तों एवं समय-सीमा के अंतर्गत ही डीजे एवं लाउडस्पीकर संचालन करने की अपील
@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। आगामी परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए छात्र-छात्राओं की पढ़ाई एवं आमजन की शांति व्यवस्था प्रभावित न हो, इस उद्देश्य से मध्यप्रदेश शासन एवं पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार पुलिस अधीक्षक छतरपुर श्री अगम जैन द्वारा जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में डीजे एवं लाउडस्पीकर संचालकों की बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए गए।

इसी क्रम में आज जिले के सभी थाना एवं चौकी परिसरों में संबंधित डीजे एवं लाउडस्पीकर संचालकों की बैठकें आयोजित की गईं। बैठकों के दौरान संचालकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि वे शासन द्वारा निर्धारित डेसिबल सीमा के भीतर ही ध्वनि का उपयोग करें तथा रात्रि 10 बजे के बाद अथवा बिना वैध अनुमति के किसी भी कार्यक्रम में डीजे एवं लाउडस्पीकर का संचालन न करें। बैठक में यह भी बताया गया कि आगामी दिनों में छात्र-छात्राओं की परीक्षाएं प्रारंभ होने वाली हैं, ऐसे में उनकी परीक्षा तैयारी एवं अध्ययन में किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए।
साथ ही डीजे संचालकों को यह भी निर्देशित किया गया कि किसी भी कार्यक्रम में अनावश्यक, आपत्तिजनक अथवा अशोभनीय गीतों का प्रसारण न करें। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित डीजे उपकरण जप्त कर मध्यप्रदेश कोलाहल अधिनियम एवं विभिन्न कानूनी प्रावधानों के अंतर्गत वैधानिक कार्यवाही की जाएगी। छतरपुर पुलिस द्वारा आमजन से सहयोग की अपील की गई है, ताकि परीक्षाओं के दौरान शांतिपूर्ण एवं अनुकूल वातावरण सुनिश्चित किया जा सके।

















