अंतराष्ट्रीय

भारतीय बिना वीजा के जा सकेंगे थाईलैंड, इकोनॉमी को बूस्ट देने के लिए थाईलैंड सरकार नें लिया फैसला, इससे 12 हजार करोड़ का अतिरिक्त रेवेन्यू मिलेगा

बैंकॉक एजेंसी। अपनी इकोनॉमी को बूस्ट देने के लिए थाईलैंड ने भारत और ताइवान के नागरिकों के लिए वीजा फ्री एंट्री का ऐलान किया है। भारतीय 10 नवंबर, 2023 से 10 मई, 2024 तक बिना वीजा के थाईलैंड जा सकते हैं और 30 दिनों तक वहां रह सकते हैं। टूरिज्म सीजन से ठीक पहले लिए गए इस फैसले से थाईलैंड को ज्यादा पर्यटकों के आने की उम्मीद है।

थाई सरकार के प्रवक्ता चाई वाचरोन्के ने कहा कि इस स्कीम से 14 लाख अतिरिक्त पर्यटकों के आने की उम्मीद है। इससे अतिरिक्त 1.5 बिलियन डॉलर यानी 12 हजार करोड़ रुपए जनरेट होगा। वहीं प्रधानमंत्री श्रेथा थाविसिन ने कहा, ‘हम भारत और ताइवान के नागरिकों को वीजा-फ्री एंट्री देंगे क्योंकि उनके बहुत से लोग थाईलैंड की यात्रा करना पसंद करते हैं।’

भारतीयों के लिए पहले वीजा ऑन अराइवल फैसिलिटी थी-
अब तक, भारतीय और ताइवानी पर्यटकों को इमिग्रेशन चेकपॉइंट पर 15 दिनों के वीजा ऑन अराइवल के लिए आवेदन करना पड़ता था। इससे पहले सितंबर में उसने चीनी नागरिकों के लिए भी वीजा फ्री एंट्री का ऐलान किया था। 2019 में थाईलैंड घूमने के लिए सबसे ज्यादा लोग चीन से पहुंचे थे। थाईलैंड के रिकॉर्ड 3.9 करोड़ अराइवल्स में से 1.1 करोड़ अराइवल चीन के थे।

जनवरी-अक्टूबर के बीच 2.2 करोड़ पर्यटक पहुंचे थाईलैंड-
जनवरी-अक्टूबर के बीच थाईलैंड में 2.2 करोड़ पर्यटक गए। इन पर्यटकों से थाईलैंड को $25.67 बिलियन यानी करीब 2.1 लाख करोड़ रुपए का रेवेन्यू मिला। इनमें से लगभग दस लाख रूसी पर्यटक थे। वहीं जनवरी-सितंबर के बीच 12 लाख भारतीयों ने थाईलैंड विजिट किया। थाईलैंड जाने के मामले में मलेशिया, चीन और दक्षिण कोरिया के बाद भारत चौथा नंबर पर है।

थाईलैंड की GDP में टूरिज्म का 20% योगदान-
थाईलैंड का टूरिज्म सेक्टर उसकी कुल GDP में लगभग 20% का योगदान देता है, लेकिन कोविड-19 महामारी के बाद से उबरने के लिए संघर्ष कर रहा है। इसी तरह श्रीलंका का टूरिज्म सेक्टर भी कोविड में प्रभावित हुआ है। ऐसे में श्रीलंका ने भी टूरिज्म को बूस्ट देने के लिए भारत और चीन सहित सात देशों के के लिए 31 मार्च 2024 तक वीजा फ्री एंट्री का ऐलान किया है।

2.1 करोड़ हुई विदेश यात्रा करने वाले भारतीयों की संख्या-
भारत सरकार के आंकड़ों से पता चलता है कि विदेश यात्रा करने वाले भारतीयों की संख्या 2011 में 1.4 करोड़ से बढ़कर 2019 में 2.7 करोड़ पर पहुंच गया था। फिर कोरोना महामारी के कारण दो साल तक टूरिज्म सेक्टर ठप रहा। 2022 में यह संख्या फिर से 2.1 करोड़ हो गई।

श्रीलंका, थाइलैंड के अलावा इन देशों में भारतीयों के लिए वीजा फ्री एंट्री-
थाईलैंड-श्रीलंका के अलावा भारत नागरिक कुक आईलैंड, फ़िजी, माइक्रोनेशिया, नियू, वनुआटू, ओमान, कतर, बारबाडोस, ब्रिटिश वर्जिन आइलैंड, डोमिनिका, ग्रेनेडा, हैती, जमैका, मोंटेसेराट, किट्स एंड नेविस, विंसेंट एंड द ग्रेनेडाइंस, त्रिनिदाद एंड टोबैगो, भूटान, कजाखस्तान, मकाओ, नेपाल, अल साल्वाडोर, मॉरीशस, सेनेगल, ट्यूनीशिया में भी बिना वीजा के जा सकते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button