“नशे से दूरी है जरूरी” अभियान के अंतर्गत जिले में ग्राम/नगर रक्षा समिति के सदस्यों द्वारा एकजुट होकर नशे से दूर रहने हेतु ली गई शपथ

छतरपुर। पुलिस मुख्यालय, मध्यप्रदेश के निर्देशन में चलाए जा रहे “नशे से दूरी है जरूरी” जन-जागरूकता अभियान के तहत छतरपुर पुलिस द्वारा 15 जुलाई से 30 जुलाई 2025 तक जिले भर में विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।

इसी क्रम में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में जागरूकता रैलियाँ, जनसंवाद, मानव श्रृंखला, तथा शैक्षणिक संस्थानों में रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। विद्यार्थियों द्वारा रंगोली, चित्रकला व निबंध लेखन जैसी प्रतियोगिताओं में उत्साहपूर्वक भाग लिया जा रहा है। उनकी कलात्मक प्रस्तुतियाँ नशे के विरुद्ध प्रभावशाली संदेश दे रही हैं, साथ ही सोशल मीडिया, इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया, वीडियो, रील, बैनर, फ्लेक्स व पंपलेट्स के माध्यम से भी व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। क्षेत्र के लोग जो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म में सक्रिय है, फॉलोअर्स अधिक हैं, लोकगीत गायक या कलाकार हैं, उनके सहयोग से भी नशे से दूर रहने के संदेश का प्रचार प्रसार कर समाज को जागरूक किया जा रहा है। जिले में संचालित मूवी थिएटर में भी शॉर्ट फिल्म चलाकर दर्शकों को जागरूक किया जा रहा है।

आज छतरपुर जिले के समस्त थाना चौकी में पुलिस के साथ ड्यूटी में भागीदारी कर रहे नगर एवं ग्राम रक्षा के समिति सदस्यों को थाना चौकी परिसर एकत्रित किया गया। नशे के दुष्परिणामों की जानकारी दी गई। नगर एवं ग्राम रक्षा समिति के सभी सदस्यों ने एकजुट होकर नशे से दूर रहने की शपथ ली। साथ ही यह प्रण भी लिया कि समाज को नशे से दूर रहने हेतु जागरूक करेंगे।

छतरपुर पुलिस द्वारा यह अभियान आगामी दिनों में भी निरंतर जारी रहेगा, जिससे समाज में नशामुक्ति की दिशा में प्रभावी और सकारात्मक परिवर्तन लाया जा सके।

















