किसान कल्याण वर्ष 2026 के अवसर पर निकाली गई मोटर साइकिल रैली, कलेक्टर श्री जैसवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। वर्ष 2026 को “किसान कल्याण वर्ष” के रूप में मनाए जाने के उपलक्ष्य में जिला मुख्यालय छतरपुर में शनिवार को कृषक मोटर साइकिल रैली का आयोजन किया गया। यह रैली कलेक्टर परिसर छतरपुर से प्रारंभ हुई।
रैली का शुभारंभ कार्यालय कलेक्टर परिसर छतरपुर से कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया और रैली को रवाना किया। जो छत्रसाल चौराहा, स्टेडियम के सामने से होते हुए पुलिस लाइन, जेल रोड, संकट मोचन, किशोरी नदी बायपास, फुला देवी रोड, महोबा रोड, सेंट्रल स्कूल के सामने, आरटीओ ऑफिस, कृषि विभाग के सामने से गुजरते हुए बस स्टैंड, जवाहर रोड, आकाशवाणी चौराहा होते हुए पुनः कलेक्टर परिसर छतरपुर में संपन्न हुई।

इस मोटर साइकिल रैली में जिले के विभिन्न विकासखंडों छतरपुर, नौगांव, राजनगर एवं बिजावर के कृषकों ने भाग लिया। रैली में लगभग 100 से 125 मोटर साइकिलों के साथ कृषकों की सहभागिता रही। रैली के दौरान मोटर साइकिलों के पीछे बैठे कृषकों द्वारा तख्ती, झंडा एवं बैनर के माध्यम से किसान कल्याण से जुड़े नारे लगाए गए, जिससे किसानों के हित में संचालित योजनाओं के प्रति जनजागरूकता बढे। यह आयोजन किसानों के सम्मान, सशक्तिकरण एवं कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

















