हाईरिस्क गर्भवती महिलाओं के साथ लापरवाही बर्दाश्त नहीं: कलेक्टर, टीबी व एएनसी स्क्रीनिंग में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश

@छतरपुर-आशुतोष द्विवेदी। कलेक्टर पार्थ जैसवाल की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला पंचायत सभाकक्ष में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ नमः शिवाय अरजरिया, सीएमएचओ डॉ. आर.पी. गुप्ता, सिविल सर्जन शरद चौरसिया, डीपीएम एनएचएम राजेंद्र खरे सहित जिले के समस्त बीएमओ, बीपीएम, बीसीएम एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा
कलेक्टर ने मातृ स्वास्थ्य की समीक्षा करते हुए अनमोल पोर्टल पर गर्भवती महिलाओं के कम पंजीयन पर छतरपुर शहरी बीएमओ से स्पष्टीकरण लिया। समग्र आईडी से जुड़ी समस्याओं को लेकर निकायों एवं पंचायतों में लंबित शिकायतों की सूची तैयार कर जनपद सीईओ, सीएमओ एवं एडीईओ को उपलब्ध कराने तथा कैंप लगाकर शीघ्र निराकरण कराने के निर्देश दिए।
हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की पहचान पर जोर
कलेक्टर ने दिसंबर 2025 तक हाई रिस्क (मॉडरेट एनीमिया) गर्भवती महिलाओं की पहचान एवं प्रबंधन की समीक्षा की। छतरपुर शहरी, बड़ामलहरा एवं छतरपुर ग्रामीण ब्लॉकों में प्रबंधन बढ़ाने के निर्देश दिए। सभी उप स्वास्थ्य केंद्रों पर आयरन सुक्रोज एवं एफसीएम (फेरिक कार्बोक्सीमाल्टोस) इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा सीएचओ को प्रशिक्षण देने के निर्देश दिए गए। गौरिहार ब्लॉक में सीवियर एनीमिया के कम प्रकरण सामने आने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और सक्रिय सर्वे के निर्देश दिए।
एएनसी चेकअप में लापरवाही पर कार्रवाई
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व योजना के अंतर्गत बक्सवाहा एवं छतरपुर में कम कैंप लगने पर असंतोष व्यक्त करते हुए कलेक्टर ने ईशानगर बीएमओ की एक दिन की वेतन कटौती के निर्देश दिए। बिजावर, लवकुशनगर एवं गौरिहार के बीएमओ को एएनसी चेकअप बढ़ाने के निर्देश दिए गए। जिला अस्पताल छतरपुर एवं सिविल अस्पताल बड़ामलहरा में बेड ऑक्युपेंसी बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।
मातृ मृत्यु मामलों में नोटिस
मातृ मृत्यु दर की समीक्षा के दौरान कंचन अहिरवार प्रकरण में पंजीयन में देरी एवं फॉलोअप में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित आशा एवं एएनएम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। पीएचसी देवरा एवं सीएचसी बिजावर के चिकित्सकों को भी नोटिस देने के निर्देश दिए गए।
टीबी व एनसीडी स्क्रीनिंग पर सख्ती
एनसीडी स्क्रीनिंग में लापरवाही पर सीपीएचसी कंसल्टेंट को शोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। टीबी स्क्रीनिंग कम पाए जाने पर गौरिहार, लवकुशनगर एवं ईशानगर बीएमओ की वेतन कटौती के आदेश दिए गए। कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि मॉनिटरिंग नहीं होने पर निलंबन का प्रस्ताव भेजा जाएगा। मोबाइल मेडिकल यूनिट से टीबी मरीजों के एक्स-रे कराने तथा साप्ताहिक रोस्टर बनाकर लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन व मेडलेपार पोर्टल की समीक्षा
50 दिन से अधिक लंबित एवं डी-ग्रेड शिकायतों के शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए गए। मेडलेपार पोर्टल पर एंट्री शून्य पाए जाने पर गौरिहार, बिजावर एवं नौगांव बीएमओ की एक दिन की वेतन कटौती के आदेश दिए गए।
बैठक के पश्चात कलेक्टर ने 12 टीबी मरीजों को निःक्षय पोषण योजना के अंतर्गत फूड बास्केट का वितरण भी किया।

















