पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में हुई अनियमिताओं को लेकर क्यों मौन हैं जिला प्रशासन?

@छतरपुर। जिले के बक्शवाहा विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय अंतर्गत आने वाले पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दरगुआ में लगभग 55 लाख रुपये की वार्षिक फंड राशि के कथित दुरुपयोग, संदिग्ध भुगतान और गंभीर वित्तीय अनियमितताओं ने पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप मचा दिया है इसके बाद भी जिम्मेदार जिले के आला अधिकारी इस सारे मामले में क्यों चुप्पी साधे हुए हैं यह समझ से परे हैं अगर सम्बंधित विद्यालय पर अनियमिताओं के आरोप लग रहे हैं तो जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग के आला अधिकारियों को इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करा लेना चाहिए जिससे दूध का दूध और पानी का पानी हो जाए और इस पूरे मामले पर विराम लग जाए।

शिकायतकर्ताओं के अनुसार प्राचार्य प्रार्थना अहिरवार, माध्यमिक शिक्षक श्री राम तिवारी और सुनील तिवारी पर फंड वितरण में भारी गड़बड़ियों और प्रक्रियागत अनियमितताओं के आरोप लगे हैं, वहीं कंप्यूटर ऑपरेटर रमेश के माध्यम से मडदेवरा और शाहगढ़ के बेंडरों को किए गए लगभग ₹55 लाख के भुगतानों को “गंभीर वित्तीय भ्रष्टाचार” बताया जा रहा है। शैक्षणिक स्तर पर भी विद्यालय की स्थिति चिंताजनक बताई गई है, जहां प्रार्थना अहिरवार पर कक्षाओं की उपेक्षा, 12वीं की पढ़ाई गलत शिक्षक से करवाने और उपस्थिति में लापरवाही के आरोप हैं।
जबकि विज्ञान शिक्षक श्री राम तिवारी पर बार-बार O.D. लेकर अनुपस्थित रहने, विषय ज्ञान की कमी से छात्रों को नुकसान पहुँचाने और विद्यालय में राजनैतिक माहौल व गुटबाजी बढ़ाने के आरोप सामने आए हैं। इन स्थितियों से विद्यालय का अनुशासन, शैक्षणिक वातावरण और बच्चों की पढ़ाई पर गंभीर असर पड़ा है, जिसके चलते अभिभावकों और स्थानीय समुदाय में भारी आक्रोश व्याप्त है और लोगों ने इसे बच्चों के भविष्य पर सीधा हमला बताते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO), जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) तथा वरिष्ठ विभागीय अधिकारियों से तत्काल उच्च-स्तरीय जाँच, लेखा-परीक्षण और संबंधित कर्मचारियों के निलंबन की कठोर कार्रवाई की माँग की है।

















