लवकुशनगर

7 करोड़ की राशि से होगा उपयोगित जल का उचित प्रबंधन, क्षेत्रीय सांसद व विधायक के प्रयासों से लवकुशनगर को मिली 7 करोड़ की नई सौगात

@लवकुशनगर- जीतेन्द्र कुमार दुबे। नगर में उपयोगित जल के उचित प्रबंधन के प्रयास शुरू होने वाले हैं। घरों से निकला अनुपयोगी यानि गंदा पानी अब बागानों की सिंचाई और सफाई आदि के उपयोग में लाया जाएगा।

खजुराहो संसदीय क्षेत्र के सांसद वीडी शर्मा एवं राजनगर विधायक अरविंद पटेरिया के विशेष प्रयासों से नगर क्षेत्र में स्वच्छ भारत मिशन अभियान अंतर्गत उपयोगित जल प्रबंधन परियोजना (यूडब्ल्यूएम) निर्माण कार्य हेतु 7 करोड़ राशि की नई सौगात प्राप्त हुई है। नगर परिषद लवकुशनगर के मुख्य नगरपालिका अधिकारी महादेव प्रसाद अवस्थी के अनुसार निकाय क्षेत्र में उपयोगित जल प्रबंधन परियोजना निर्माण कार्य हेतु निकाय के उपयंत्री अमितेष अवस्थी के निर्देशन में कंसल्टेंट के माध्यम से 7 करोड़ राशि की डीपीआर तैयार कराई गई जिसे शासन स्तर पर स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। शीघ्र ही निविदा आमंत्रित कर कार्य प्रारंभ कराए जाने निविदा आमंत्रण की कार्यवाही पूर्ण की जाएगी।

इस योजना के अंतर्गत उपयोगित जल के उचित प्रबंधन एवं गंदे पानी के सीधे जल स्त्रोतों में रोकथाम हेतु एसटीपी, पंप हाउस आदि का निर्माण कराया जाएगा जिसके माध्यम से गंदे पानी को बागानों में सिंचाई एवं सफाई कार्य आदि में पुन: उपयोग किए जा सकने योग्य बनाया जाएगा। नगर परिषद अध्यक्ष जीतेंद्र खटीक ने कहा है कि सांसद श्री शर्मा एवं विधायक श्री पटैरिया के प्रयासों से नगर के समुचित विकास के प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। भविष्य में नगर को और व्यवस्थित किए जाने के लिए समुचित प्रबंधन किए जाएंगे।

इनका कहना है –
योजना की स्वीकृति शासन से प्राप्त हो चुकी है। शीघ्र ही निविदा आमंत्रण कार्यवाही पूर्ण कर कार्य प्रारंभ कराया जाएगा।
अमितेष अवस्थी
उपयंत्री, नगर परिषद लवकुश नगर

Related Articles

Back to top button