ग्राम बरेठी में हत्या करने वाले 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
आरोपी रामप्रताप सिंह के विरुद्ध मारपीट, अवैध वसूली एवं एससी एसटी के चार-चार अपराध थाना बमीठा एवं सटई में पूर्व से दर्ज, आरोपी ज्ञानेंद्र सिंह अपराध में पूर्व से लिप्त

छतरपुर। दिनांक 26 दिसंबर 2024 को थाना बमीठा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बरेठी में आरोपियों द्वारा गांव के मनीराम के साथ मारपीट कर चोंट पहुंचाई गई थी, उपचार के दौरान जिला अस्पताल छतरपुर में पीड़ित की मृत्यु हो गई थी।
घटना स्थल से एकत्रित साक्ष्य, मृतक के परिजनों के कथनों के आधार पर हत्या की घटना को अंजाम देने वाले 4 नामजद आरोपियों के विरुद्ध थाना बमीठा में भारतीय न्याय संहिता एवं एससी एसटी एक्ट की समुचित धाराओं में अपराध पंजीबद्ध किया गया था। उक्त हत्या की घटना में सम्मिलित 2 आरोपियों रामप्रताप सिंह परमार, ज्ञानेंद्र सिंह परमार
निवासी ग्राम बरेठी को पूर्व में गिरफ्तार कर जेल दाखिल किया गया है। आज घटना से जुड़े तीसरे आरोपी अरविंद सिंह परमार निवासी ग्राम बरेठी को गिरफ्तार कर न्यायालय पेश कर जेल दाखिल किया जा रहा है।
आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त कुदारी एवं डंडा जप्त किया गया। आरोपी रामप्रताप सिंह के विरुद्ध मारपीट, अवैध वसूली एवं एससी एसटी के चार-चार अपराध थाना बमीठा एवं सटई में कुल 8 अपराध पूर्व से दर्ज हैं, आरोपी ज्ञानेंद्र सिंह अपराध में पूर्व से लिप्त है। अन्य आरोपी की तलाश एवं विवेचना कार्यवाही जारी है। शांति एवं सुरक्षा की दृष्टि से ग्राम बरेठी में पुलिस बल तैनात है। उक्त कार्यवाही में एसडीओपी खजुराहो प्रभारी शशांक जैन के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी बमीठा निरीक्षक आशुतोष श्रोत्रिय एवं पुलिस टीम की भूमिका रही।

















