सोशल मीडिया टिप्पणी पर शिक्षक को नोटिस, जिला शिक्षा अधिकारी ने मांगा जवाब

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, छतरपुर द्वारा एक प्राथमिक शिक्षक पुष्पेंद्र अहिरवार को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है। नोटिस में उल्लेख है कि कलेक्टर छतरपुर के निर्देशानुसार शीतकालीन मौसम एवं शीतलहर को देखते हुए नर्सरी से कक्षा 8 तक के विद्यार्थियों का 6 जनवरी से 8 जनवरी 2026 तक अवकाश घोषित किया गया था।

आदेश के अनुसार शिक्षकों को यह भी निर्देशित किया गया था कि वे इस अवधि में शासन के निर्देशों के अनुरूप ही आवश्यक शैक्षणिक एवं प्रशासनिक गतिविधियों संचालित करेंगे। इसके बावजूद प्राथमिक शिक्षक डडिया शा.उ.मा.विद्यालय बछौन पुष्पेंद्र अहिरवार द्वारा फेसबुक पर की गई टिप्पणी को वरिष्ठ कार्यालय द्वारा जारी आदेशों के प्रति असहमति एवं शासन के निर्देशों की अवहेलना के रूप में देखा गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी अरुण शंकर पाण्डेय ने अपने पत्र में स्पष्ट किया है कि यह कृत्य मध्यप्रदेश सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 एवं वर्गीकृत नियंत्रण एवं अपील नियम 1966 के प्रावधानों के विरुद्ध है। इस संबंध में शिक्षक से तीन दिवस के भीतर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय में संतोषजनक उत्तर नहीं मिलने पर एकपक्षीय अनुशासनात्मक कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।

















