छतरपुर

अभियोजन व पुलिस अधिकारियों की संभाग स्तरीय विधिक ज्ञान संवर्धन कार्यशाला संपन्न

@छतरपुर- आशुतोष द्विवेदी। संचालनालय लोक अभियोजन म.प्र. भोपाल के निर्देशन में जिला अभियोजन संचालनालय छतरपुर के तत्वावधान में अभियोजन अधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों के लिए एक दिवसीय संभाग स्तरीय विधिक ज्ञान संवर्धन एवं व्यवसायिक दक्षता कार्यशाला का आयोजन रविवार को पन्ना रोड स्थित एक होटल में किया गया।


कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला प्रधान सत्र न्यायाधीश रविंदर सिंह रहे, जबकि अध्यक्षता लोक अभियोजन संचालनालय भोपाल के संचालक बी.एल. प्रजापति ने की।विशिष्ट अतिथियों में विशेष न्यायाधीश उपेंद्र प्रताप सिंह बघेल, प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय राजेश देवलिया, कलेक्टर पार्थ जैसवाल, न्यायाधीश आशीष श्रीवास्तव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट स्वाति निवेश जायसवाल, लोक अभियोजक दिनेश तिवारी, एजीपी विश्वनाथ नायक, अरुण देव खरे, पंकज पाठक, जिला अधिवक्ता संघ अध्यक्ष शिव प्रताप सिंह चौहान, सचिव अनिल द्विवेदी, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विष्णु प्रसाद सोलंकी सहित जिला विधिक सेवा अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। जिला अभियोजन अधिकारी प्रवेश कुमार ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कार्यशाला की रूपरेखा पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि कार्यशाला का उद्देश्य अभियोजन एवं पुलिस अधिकारियों को नवीन विधिक प्रावधानों, वैज्ञानिक साक्ष्यों एवं विवेचना की आधुनिक तकनीकों से अवगत कराना है। कार्यशाला में संभाग के प्रत्येक जिले से 5-5 अभियोजन अधिकारी तथा छतरपुर जिले के पुलिस अधिकारी सम्मिलित हुए।

विषय विशेषज्ञों द्वारा विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर व्याख्यान एवं परिचर्चा की गई। इलेक्ट्रॉनिक एविडेंस के प्रस्तुतीकरण एवं प्रमाणीकरण पर न्यायाधीश आशीष श्रीवास्तव ने विस्तृत व्याख्यान दिया। न्यायालयिक विज्ञान (डीएनए) विषय पर एफएसएल सागर के वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. अवनीश कुमार ने जानकारी साझा की। सायबर फॉरेंसिक विषय पर आशिमा गौतम, सायबर फॉरेंसिक विशेषज्ञ, सागर ने व्याख्यान दिया। वहीं गंभीर अपराधों की विवेचना में बरती जाने वाली सावधानियों पर प्रधान न्यायाधीश कुटुम्ब न्यायालय राजेश देवलिया ने अपने अनुभव साझा किए।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर कार्यशाला में शामिल सभी अधिकारियों को प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रभारी उप निदेशक प्रवेश कुमार ने अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन एडीपीओ अभिषेक मेहरोत्रा ने किया तथा आभार सहायक जिला अभियोजन अधिकारी शिवाकांत त्रिपाठी द्वारा किया गया।

Related Articles

Back to top button